Uplive News

UPLive News is a trusted Hindi digital news platform delivering fast, accurate, and unbiased coverage of breaking news, politics, business, sports, entertainment, technology, lifestyle, education, and local updates from Uttar Pradesh, India, and around the world. Our mission is to provide factual journalism through text, photos, and videos while keeping readers informed with reliable and timely news.

अंतराष्ट्रीय

रोली मदेशिया का मिहीपुरवा नगर आगमन पर हुआ भव्य स्वागत ।

By admin · March 13, 2026 · 1 min read

UPSC में 457वीं रैंक हासिल करने पर क्षेत्र में हर्षोल्लास का माहौल ।

मिहीपुरवा (बहराइच)देश की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा यूपीएससी 2025 में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली मिहीपुरवा की बेटी रोली मदेशिया का शुक्रवार को कस्बे में प्रथम आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया। कस्बे के लोगों, शिक्षकों और युवाओं ने मंडी गेट पर एकत्र होकर फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकालकर खुशी का इजहार किया।


मिहीपुरवा निवासी संतोष मदेशिया की पुत्री रोली मदेशिया ने यूपीएससी 2025 की परीक्षा में 457वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। शुक्रवार को जैसे ही रोली मदेशिया मिहीपुरवा पहुंचीं, बड़ी संख्या में लोग मंडी गेट पर उनका स्वागत करने के लिए जुट गए।

लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर और गगनभेदी नारों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों की धुन पर एक विशाल जुलूस निकाला गया, जो कस्बे के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। जुलूस के दौरान लोगों ने “रोली मदेशिया जिंदाबाद” और “मिहीपुरवा की बेटी का सम्मान” जैसे नारे लगाकर अपनी खुशी व्यक्त की। रोली मदेशिया ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मिहीपुरवा में ही प्राप्त की है।

उन्होंने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई सर्वोदय इंटर कॉलेज मिहीपुरवा से पूरी की। अपनी पूर्व छात्रा की इस सफलता पर विद्यालय के शिक्षकों ने भी उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर रोली मदेशिया ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और क्षेत्रवासियों के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने युवाओं को भी अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। रोली मदेशिया की इस उपलब्धि से पूरे मिहीपुरवा क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी।

और खबरें