China-US Tariffs Deal: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का अमेरिका दौरा फलने लगा है. चीन और अमेरिका के बीच टैरिफ को लेकर बड़ी डील हुई है. चीन और अमेरिका ने एक-दूसरे…
China-US Tariffs Deal: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग का अमेरिका दौरा फलने लगा है. चीन और अमेरिका के बीच टैरिफ को लेकर बड़ी डील हुई है. चीन और अमेरिका ने एक-दूसरे से आयात होने वाले करीब 60 अरब डॉलर के सामान पर टैरिफ यानी आयात शुल्क कम करने पर सहमति जताई है. इसमें कृषि और घरेलू सामान समेत कई तरह के उत्पाद शामिल हैं
रॉयटर्स के मुताबिक, अमेरिकी उत्पादों में मक्का और कॉस्मेटिक्स, जबकि चीनी सामान में घरेलू उपकरण और खिलौने शामिल हैं. अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर ने रविवार को बताया कि दोनों देशों ने करीब 30 अरब डॉलर के गैर-संवेदनशील सामानों के व्यापार पर ज्यादा अनुकूल टैरिफ व्यवस्था की सिफारिश की है. उनके मुताबिक, इससे चीन में अमेरिकी सामानों के लिए बेहतर बाजार पहुंच का रास्ता खुलेगा. यह अमेरिकी निर्यात के करीब 30% हिस्से से जुड़ा है
दोनों देशों ने अपने बीच चल रहे व्यापार युद्धविराम को आगे बढ़ाने पर भी सहमति जताई है. ये फैसले पिछले सप्ताह वॉशिंगटन में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई इस साल की दूसरी बैठक के प्रमुख नतीजों में शामिल रहे
व्हाइट हाउस की ओर से जारी दो सूचियों में बताया गया है कि चीन कुछ अमेरिकी सामानों पर लगाए गए शुल्क यानी टैरिफ में कटौती करने की योजना बना रहा है. इस सूची में मक्का, गेहूं, ज्वार, मांस, डेयरी उत्पाद, वनस्पति तेल और अनाज जैसे कई अमेरिकी कृषि उत्पाद शामिल हैं। हालांकि, इसमें सोयाबीन को शामिल नहीं किया गया है. इसके अलावा, चीन अमेरिकी मछली और समुद्री खाद्य पदार्थों, लकड़ी और लकड़ी से बने उत्पादों, कॉस्मेटिक्स और मेडिकल उपकरणों पर लगने वाले शुल्क को भी कम करने पर विचार करेगा
दूसरी सूची में अमेरिका की ओर से चीनी सामानों पर पारस्परिक टैरिफ कम करने की जानकारी दी गई है. इसमें कॉफी मेकर, टोस्टर, बर्तन, कंबल और बेडशीट जैसे कई घरेलू सामान शामिल हैं. इसके अलावा, सूची में खिलौने, आतिशबाजी, कृत्रिम फूल, क्रिसमस ट्री की लाइटें, छुट्टियों में इस्तेमाल होने वाली सजावट की चीजें और बच्चों की कार सीटें भी शामिल हैं
चीन और अमेरिका के बीच व्यापार युद्धविराम को दो महीने के लिए बढ़ाकर 10 जनवरी तक कर दिया गया है. चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि इस फैसले से दोनों देशों को आर्थिक और व्यापारिक मुद्दों पर बातचीत आगे बढ़ाने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा
मंत्रालय के मुताबिक, इस दौरान दोनों पक्ष मौजूदा व्यापार व्यवस्था की समीक्षा करेंगे और आगे की बातचीत के रास्तों पर विचार करेंगे. साथ ही, व्यापार से जुड़े विवादों को सुलझाने के लिए चल रही व्यवस्थाओं को भी आगे बढ़ाया जाएगा. चीन ने कहा कि व्यापार युद्धविराम की अवधि बढ़ने से दोनों देशों की कंपनियों के बीच सहयोग जारी रखने और नियमित बातचीत के लिए स्थिर और अनुमानित नीतिगत माहौल बनाने में मदद मिलेगी. इसके तहत दोनों देश संभावित निवेश के अवसरों और व्यापारिक बाधाओं पर नियमित चर्चा करेंगे. साथ ही, नीतियों में पारदर्शिता और पूर्वानुमान को बेहतर बनाने तथा कंपनियों की चिंताओं को दूर करने पर भी ध्यान दिया जाएगा
चीन और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते के तहत कृषि क्षेत्र को भी अहम जगह मिली है. टैरिफ में कटौती के लिए चीन ने जिन अमेरिकी उत्पादों को चुना है, उनमें कई कृषि वस्तुएं शामिल हैं. इससे अमेरिका से कृषि उत्पादों की खरीद बढ़ाने की दिशा में चीन की प्रतिबद्धता को पूरा करने में मदद मिलने की संभावना है. पिछले साल हुए समझौते के तहत चीन ने अमेरिका से हर साल 2.5 करोड़ मीट्रिक टन सोयाबीन खरीदने पर सहमति जताई थी. इसी के तहत चीन ने अमेरिकी सोयाबीन की बड़े पैमाने पर खरीद फिर से शुरू कर दी है
div
Source: NewsNation TV







