धर्म, अध्यात्म और संस्कृति की नगरी काशी अब आसमान में होने वाले रोमांचक एयर शो के स्वागत के लिए नए रंग-रूप में सज रही है। प्रस्तावित एयर शो को लेकर योगी सरकार न…
धर्म, अध्यात्म और संस्कृति की नगरी काशी अब आसमान में होने वाले रोमांचक एयर शो के स्वागत के लिए नए रंग-रूप में सज रही है। प्रस्तावित एयर शो को लेकर योगी सरकार ने वाराणसी को भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर नमो घाट तक शहर की सड़कों, फ्लाईओवर, अंडरपास, भवनों और दीवारों का व्यापक सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। कहीं दीवारों पर मां गंगा की लहरें और ऐतिहासिक घाटों की खूबसूरती उकेरी जा रही है, तो कहीं आकर्षक रोशनी से काशी की प्राचीन विरासत को नया स्वरूप देने की तैयारी है। उद्देश्य है कि एयर शो में आने वाले देश-विदेश के मेहमानों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बाबा विश्वनाथ की नगरी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान का अनूठा अनुभव मिल सके।
वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा के अनुसार, काशी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को केंद्र में रखकर सौंदर्यीकरण की विशेष योजना तैयार की गई है। एयरपोर्ट से नमो घाट तक प्रमुख मार्गों की दीवारों पर म्यूरल आर्ट और आकर्षक पेंटिंग के जरिए बनारस की पहचान को जीवंत किया जा रहा है। इन कलाकृतियों में गंगा की लहरें, प्राचीन घाट, गंगा आरती, सुबहे बनारस और काशी की लोक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। इसके साथ ही भगवान बुद्ध से जुड़े प्रसंगों, बनारस के शास्त्रीय संगीत, नृत्य और पारंपरिक कलाओं को भी चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित करने की तैयारी है।काशी की आध्यात्मिक पहचान को और प्रभावशाली बनाने के लिए नमो घाट जाने वाले मार्ग के डिवाइडर पर विशेष झंडे लगाने की योजना है। इन झंडों पर भगवान शिव के डमरू, त्रिशूल और ॐ के प्रतीक अंकित होंगे। इससे सड़क का दृश्य आकर्षक होने के साथ काशी की धार्मिक परंपराओं का संदेश भी देगा। वहीं, मार्ग पर लगाई जा रही विशेष मोटिफ लाइटें रात के समय सजावट को और भव्य बनाएंगी।
शहर को व्यवस्थित और खूबसूरत स्वरूप देने के लिए चौकाघाट से नमो घाट तक सड़क किनारे स्थित दुकानों और भवनों को एक समान रंग में रंगा जा रहा है। भवनों पर फसाड पेंटिंग के साथ आकर्षक प्रकाश व्यवस्था भी की जा रही है। पेड़ों पर फसाड लाइटिंग और बिजली के खंभों पर स्पाइरल स्ट्रीट लाइट लगाने का काम जारी है। चौकाघाट पुल पर विशेष मोटिफ स्तंभ स्थापित किए जा रहे हैं, जो इस मार्ग के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होंगे। नमो घाट और गया घाट पर भी विशेष पेंटिंग के जरिए घाटों की सुंदरता को निखारा जा रहा है।एयर शो के दौरान वाराणसी पहुंचने वाले आगंतुकों को शहर में प्रवेश करते ही काशी की भव्यता का एहसास कराने की तैयारी है। इसके लिए बाबतपुर एयरपोर्ट से अतुलानंद तक मोटिफ लाइटिंग और बिजली के खंभों पर स्ट्रिप लाइट लगाई जा रही है। बाबतपुर से फ्लाईओवर तक डिवाइडर पर आकर्षक चित्रकारी की जा रही है। वहीं, बाबतपुर से नमो घाट ब्रिज तक पेड़ों और पुलों पर विशेष फसाड लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। इन कार्यों के पूरा होने पर एयरपोर्ट से नमो घाट तक का मार्ग रंगों और रोशनी से सराबोर नजर आएगा।प्रस्तावित एयर शो को लेकर चल रहा यह सौंदर्यीकरण केवल शहर को सजाने तक सीमित नहीं है, बल्कि काशी की समृद्ध विरासत को नए अंदाज में प्रस्तुत करने की भी पहल है। एक ओर आसमान में एयर शो का रोमांच देखने को मिलेगा, तो दूसरी ओर धरती पर गंगा-जमुनी संस्कृति, अध्यात्म, कला और परंपराओं की अनूठी झलक दिखाई देगी। योगी सरकार की इस पहल से काशी की खूबसूरती को नया आयाम मिलने की उम्मीद है। सौंदर्यीकरण के कार्य पूरे होने के बाद बाबा विश्वनाथ की नगरी एक नए और आकर्षक स्वरूप में नजर आएगी, जहां आधुनिकता की चमक के बीच सदियों पुरानी सांस्कृतिक विरासत भी अपनी अलग पहचान बनाए रखेगी।
div
Source: Filmitics







