Uplive News

UPLive News is a trusted Hindi digital news platform delivering fast, accurate, and unbiased coverage of breaking news, politics, business, sports, entertainment, technology, lifestyle, education, and local updates from Uttar Pradesh, India, and around the world. Our mission is to provide factual journalism through text, photos, and videos while keeping readers informed with reliable and timely news.

अंतराष्ट्रीय

दिनों दिन बढ़ रहा इंडो नेपाल बार्डर पर नशे का कारोबार।

By admin · August 16, 2024 · 1 min read

रुपईडीहा। वर्षो से इस इंडो नेपाल बार्डर पर नशीले पदार्थों का कारोबार दिनों दिन घटने के बजाय बढ़ता जा रहा है। नानपारा, रुपईडीहा व नेपालगंज में ऐसे थोक कारोबारियों की आलीशान कोठियां बन गयी हैं। कुछ लोगो ने स्मैक व चरस से धन कमा कर कारोबार बदल लिया है।

नेपाल के केंद्रीय तथ्यांक के अनुसार नेपाल में लगभग 50 हजार लोग किसी न किसी प्रकार का नशा कर रहे हैं। कुछ कारोबारी ऐसे हैं जो स्वयं नशा नही करते सिर्फ खरीद फरोख्त कर रहे हैं। बहराइच जिले से सटे नेपाली जिलों बांके, बर्दिया व दांग में भारी मात्रा में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। भारत व नेपाल के सुरक्षा बलों की धर पकड़ भी तेज है। नशेड़ियों की संख्या भी बढ़ रही है।

पड़ोसी नेपाली जिला बांके के सहायक जिला प्रशासन अधिकारी टोपेन्द्र केसी ने बताया कि बांके जिले में नशेड़ियों की संख्या में भयावह वृद्धि हो रही है। हमलोग नशे के पदार्थो के दुरुपयोग को रोकने के अनेकों कार्यक्रम, विचार गोष्ठियां व विद्यालयों में भी छात्रों को अगाह करते हैं।

वहीं बांके जिले के डीएसपी नारायन डांगी ने कहा कि नेपालगंज में प्रत्येक 2 घर छोड़ कर 1 घर मे नशे का प्रयोग करने वाले युवक मिल जाएंगे। हम लोगो को इसे समस्या के रूप में लेना पड़ेगा। डांगी ने बताया कि बांके में नशीले पदार्थों का कारोबार निरंतर बढ़ता जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि रुपईडीहा, बाबागंज, चरदा, जमोग, बाबाकुट्टी व नानपारा से मादकपदार्थों की तस्करी नेपाल को हो रही है।

बांके में 3 वर्ष में साढ़े चार सौ मुकदमे हुए दर्ज।
बांके जिला पुलिस मुख्यालय के अनुसार नेपाली आर्थिक वर्ष 2077/078 में 1 सौ 26 मुकदमे दर्ज किए गए व 1 सौ 96 लोगो को पकड़ा गया। इस दौरान 5 सौ 37 ग्राम स्मैक, 20 किलो चरस, 34 अफीम, 68 किलो गांजा, 29 लीटर कोरेक्स व 13 सौ 30 टेबलेट नाईट्रोजेपाम बरामद की गई।

2078/079 में 1 सौ 92 मुकदमे दर्ज हुए व 2 सौ 12 लोग पकड़े गए। इनमें 9 सौ 58 ग्राम स्मैक, 14 किलो चरस, 3 किलो अफीम, 2 सौ 10 किलो गांजा, 8 लीटर कोरेक्स, 4 हजार 25 नाईट्रोजेपाम टेबलेट व 2 हजार 4 सौ 30 अन्य नशीली टेबलेट बरामद हुई। चालू नेपाली आर्थिक वर्ष 2079/080 में अभी तक 1 सौ 41 मुकदमे दर्ज हुए। 2 सौ 9 लोग पकड़े गए। इस दौरान इनमें 7 सौ 81 ग्राम स्मैक, 6 किलो गांजा, 1 हजार 3 सौ 10 नाईट्रोजेपाम टेबलेट व अन्य नशीले टेबलेट 1 हजार 12 बरामद हुई।

इन मादकपदार्थों में स्मैक, नाईट्रोजेपाम टेबलेट व कोरेक्स सहित नशीली टेबलेट भारतीय क्षेत्र से नेपाल को तस्करी हो रही है। चरस, अफीम व गांजा नेपाल से भारतीय क्षेत्र में तस्करी होती आ रही है।

रुपईडीहा कोतवाली के रिकार्ड के अनुसार।

जून 2022 से अक्टूबर 2023 तक 3 किलो स्मैक, 75 किलो चरस व 47 किलो गांजा बरामद किया गया। इस दौरान 40 युवको सहित 2 नेपाली महिलाएं भी गिरफ्तार कर जेल भेजी गई। इसी तरह 2024 मे प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा शमशेर बहादुर सिंह के नेतृत्व में 94 ग्राम स्मैक, 1 किलो 7 सौ 8 ग्राम चरस व नशे में प्रयुक्त होने वाली टेबलेट नेट्राजेपाम बरामद की गई हैं।

इनमें नेपाली युवको व महिलाओं की जमानत नही हो सकी हैं। जबकि भारतीय युवकों की जमानत हो जाती है। फिर वे बाहर आकर यही कारोबार करने लगते हैं। रुपईडीहा के कई युवक तो दो से चार बार जमानत करा कर आ चुके हैं

और फिर इसी कारोबार को करने लगे हैं। नेपाल में नशीले पदार्थों में जमानत की कोई प्रक्रिया ही नही है। वहां सजा काट कर ही अपराधी बाहर आता है। रुपईडीहा व आसपास गांवो को मिलाकर लगभग 36 युवक नेपालगंज की जेल में बंद हैं। उक्त जानकारी देते हुए नेपालगंज स्थित बांके जिला कारागार प्रमुख अर्जुन जंग शाह ने बताया कि भारत व नेपाल के स्मैक तस्करों के एक संगठित गिरोह है। जो स्मैक की कैरींग भी कराता है। ये सजा पूरी कर ही नेपाल की जेल से बाहर आएंगे।

मेडिकल स्टोर्स की आड़ में स्मैक की पुड़िया बिकती है। छोटे छोटे बच्चों को लालच देकर स्मैक के कारोबारी सड़कों पर स्मैक बिकवाते रहते हैं। इस प्रकार इस इंडो नेपाल बार्डर पर नशे का कारोबार बेतहाशा बढ़ता जा रहा है। स्मैक के नशे का आलम यह है कि रुपईडीहा की मरजीना व नसरीन की मौत स्मैक पीने से हो गयी। यही नही पप्पू तेली, छोटे, बचऊ, टिल्लू, निसार, शेरू शेरा, यादव, इस्राईल व मेराज नामक युवक स्मैक पीने के कारण ही काल के गाल में चले गए।

मार्च 2024 से जुलाई 2024 तक डाटा।
थाने से प्राप्त रिकवरी के अनुसार 16 मार्च को 25 ग्राम स्मैक, 28 मार्च को 7 किलो 4 सौ ग्राम चरस, 5 अप्रैल को 31 ग्राम 50 मिलीग्राम स्मैक, 6 अप्रैल को 26 ग्राम स्मैक, 2 मई को 43 ग्राम स्मैक, 6 मई को 50 ग्राम स्मैक, 15 जुलाई को 35 ग्राम स्मैक, 20 जुलाई को 1 सौ 25 ग्राम स्मैक, 24 जुलाई को 1 सौ 40 ग्राम स्मैक व 29 जुलाई को 40 ग्राम स्मैक बरामद की गई।

नीरज कुमार बरनवाल रुपईडीहा
16/8/2024

और खबरें