
लखनऊ के चिनहट इलाके में एक सिपाही ने अपनी पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया। महिला का आरोप है कि दो बेटियों के जन्म के बाद उत्पीड़न और बढ़ गया। मामले की शिकायत महिला ने पुलिस अधीक्षक से की तो सुलह करके घर ले आया। फिर कुछ दिन बाद भगा दिया।
न्यू नन्दी विहार चिनहट निवासी अंजली सिंह ने बताया कि 2017 में उनकी शादी हलधरपुर मऊ निवासी आनंद कुमार सिंह से हुई थी। आनंद पुलिस विभाग में सिपाही के पद तैनात है। शादी के बाद ससुराल पहुंची तो परिवार कम दहेज लाने का ताना देने लगा। अंजली सब कुछ बर्दाश्त करती रही।
इसके बाद ससुरालवाले दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। गाली गलौज और मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान अंजली प्रेग्नेंट हुई और बेटी को जन्म दिया। बेटी के जन्म से नाराज ससुरालवाले और प्रताड़ित करने लगे। उस दौरान आनंद सुल्तानपुर में तैनात थे। जिसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक सुल्तानपुर से की तो आनंद दोबारा मारपीट न करने का आश्वासन देकर ससुराल ले आए।
दूसरी बेटी के जन्म से नाराज हुआ
अंजली ने दूसरी बेटी को जन्म दिया तो बेटे की इच्छा रखे ससुरालवालों ने घर से निकाल दिया। इसके बाद अंजली अपनी दोनों बेटियों के साथ मायके में रह रही है। मामला कोर्ट में गया तो सिपाही पति ने सुलह कर लिया।
लेकिन घर आना जाना बंद कर दिया। अब अंजली अपनी दोनों के बेटियों के साथ माता-पिता के साथ रह रही है। चिनहट पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

