
《पत्रकार मदन पोरवाल》
मिहींपुरवा ब्लॉक के स्कूलों में रंग-बिरंगी गतिविधियों से बच्चों का उत्साह चरम पर
मिहींपुरवा ,बहराइच- विकास खंड मिहींपुरवा के परिषदीय उच्च प्राथमिक विद्यालयों में समर कैंप की गतिविधियां बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर रही हैं। खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अजीत कुमार सिंह की देखरेख में संचालित यह समर कैंप 21 मई से प्रारंभ होकर 15 जून तक चलेगा।
तीसरे दिन की गतिविधियों में उच्च प्राथमिक विद्यालय गोपिया में शिक्षामित्र अब्दुल कलीम और अनुदेशक बलराम वर्मा ने बच्चों को गीत, पहाड़ा, कला पेंटिंग तथा खो-खो प्रतियोगिता जैसी शिक्षाप्रद एवं मनोरंजक गतिविधियों में शामिल किया। अंत में बच्चों को मीठे बिस्कुट वितरित किए गए।
उच्च प्राथमिक विद्यालय सेमरी घटही में अनुदेशक लैलतुन बेगम और शिक्षामित्र पीयूष जायसवाल की उपस्थिति में बच्चों ने खुलकर मस्ती की और उन्हें भी मीठे बिस्कुट बांटे गए। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय मिहींपुरवा में अनुदेशक संगीता और फिरदौस जहां के मार्गदर्शन में बच्चों ने रंगोली बनाई। बाद में बच्चों को गुड़, चना और बिस्कुट का वितरण हुआ।
संविलियन विद्यालय कुर्मियाना में अनुदेशक अरविंद कुमार पटेल और शिक्षामित्र अवध राम गुप्ता द्वारा योगा और फुटबॉल खेल कराया गया। यहां बच्चों को सूखा नमकीन चना वितरित किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. अजीत कुमार सिंह ने बताया कि समर कैंप में बच्चों को खेल-खेल में ज्ञानवर्धक गतिविधियां कराई जा रही हैं जिससे वे गर्मी की छुट्टियों में मनोरंजन के साथ-साथ सीख भी पा रहे हैं। सभी समर कैंपों का नियमित निरीक्षण कर गुणवत्ता की निगरानी की जा रही है। पौष्टिक आहार के रूप में गुड़, चना, लइया, बिस्किट, लड्डू आदि वितरित किए जा रहे हैं।

