Uplive News

UPLive News is a trusted Hindi digital news platform delivering fast, accurate, and unbiased coverage of breaking news, politics, business, sports, entertainment, technology, lifestyle, education, and local updates from Uttar Pradesh, India, and around the world. Our mission is to provide factual journalism through text, photos, and videos while keeping readers informed with reliable and timely news.

अंतराष्ट्रीय

लखनऊ आ रही फ्लाइट चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर अचानक रोकी गई:उड़ान से पहले पायलट ने बताई खामी, 177 पैसेंजर सवार थे

By admin · June 23, 2025 · 1 min read

चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर रविवार को तकनीकी खराबी आने से लखनऊ आ रही फ्लाइट को अचानक कैंसिल कर दिया गया। फ्लाइट के रनवे पर जाकर टेकऑफ करने से ठीक पहले ही पायलट को तकनीकी खराबी का पता चला। जिस कारण फ्लाइट को वहीं रोक दिया गया। शुरुआती जांच में तकनीकी खामी की पुष्टि होने के बाद फ्लाइट को कैंसिल करने का फैसला किया गया।

जिस समय यह निर्णय लिया गया, उस वक्त फ्लाइट में करीब 177 लोग सवार थे। सभी को फ्लाइट से उतार दिया गया। यह फ्लाइट इंडिगो एयरलाइंस की थी, जो चंडीगढ़ से लखनऊ के लिए उड़ान भरने को तैयार थी, लेकिन खामी के कारण इसे रोक दिया गया।

विमान में क्या तकनीकी खामी आई थी, अभी एयरपोर्ट अथॉरिटी या एयरलाइंस की ओर से इस बारे में जानकारी नहीं दी गई है। बता दें कि इस जून माह में ही इंडिगो एयरलाइंस की यह चौथी फ्लाइट है, जिसमें तकनीकी समस्या आई है।

चंडीगढ़ एयरपोर्ट में यात्रियों की फाइल फोटो।
चंडीगढ़ एयरपोर्ट में यात्रियों की फाइल फोटो।

यहां जानिए किस वक्त सामने आया मामला…

  1. सुबह आठ बजे उड़ान भरने के लिए तैयार थी फ्लाइट: जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ से लखनऊ जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 146 रविवार सुबह 8:30 बजे चंडीगढ़ से लखनऊ के लिए रवाना होने वाली थी। पायलट को उड़ान से पहले जांच के दौरान तकनीकी समस्या का पता लगा। इसके बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी को इसकी जानकारी दी गई।
  2. सुरक्षित तरीके से यात्रियों को उतारा गया: तकनीकी खामी का पता चलते ही एहतियातन सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया। विमान ने उड़ान नहीं भरी और उसे रनवे पर ले जाने से पहले ही रोक दिया गया। इसके बाद यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों से भेजा गया। साथ ही उन्हें विमान कंपनी की तरफ से टिकट का पूरी राशि भी लौटाई गई।
  3. तकनीकी खामियों को ठीक करने की तैयारी: विमान में क्या तकनीकी खामी आई थी, अभी एयरपोर्ट अथॉरिटी या एयरलाइंस की ओर से इस बारे में जानकारी नहीं दी गई है। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, टीमें इस तकनीकी खराबी को ठीक करने की कोशिश कर रही है। शाम तक इस खामी को ठीक नहीं किया जा सका था।

इंडिगो की फ्लाइट में 1 माह में चौथी बार आई समस्या

2 जून को रांची में इंडिगो का एक विमान गिद्ध से टकराया था

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो जून को रांची में इंडिगो का एक विमान गिद्ध से टकराया था, जिसके कारण आपात लैंडिंग करानी पड़ी। पटना से कोलकाता वाया रांची की फ्लाइट करीब 3-4 हजार फीट की ऊंचाई पर थी। उसी समय एक गिद्ध उससे टकराया। टक्कर के बाद विमान करीब 40 मिनट तक हवा में रहा। इंडिगो की इस फ्लाइट में क्रू मेंबर्स समेत 175 यात्री सवार थे। पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए प्लेन को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सुरक्षित तरीके से लैंड कराया था।

18 जून को फ्लाइट को रद्द करना पड़ा था

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 18 जून यानि बुधवार को भी इंडिगो की एक फ्लाइट को रद्द करना पड़ा था। फ्लाइट 6ई 6101 भुवनेश्वर से कोलकाता के लिए रवाना होनी थी, लेकिन उड़ान से कुछ मिनट पहले फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। इसका कारण भी विमान में तकनीकी खराबी बताया गया था।

19 जून को भी हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 19 जून को दिल्ली से लेह जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6ई 2006 की तकनीकी कारणों से इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट में चालक दल के सदस्यों समेत करीब 180 लोग सवार थे। फ्लाइट ने दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरी, लेकिन लेह पहुंचने से कुछ देर पहले तकनीकी गड़बड़ी का पता चला। विमान लेह पहुंचने के कुछ ही देर बाद वापस लौट आया और सुरक्षित तरीके से दिल्ली में उतारा गया।

और खबरें