
लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुक्का बार से बाहर निकलते ही एक युवक पर आधा दर्जन युवकों ने हमला कर दिया। पुलिस कमिश्नर आवास के पास हुई इस वारदात में हमलावरों ने युवक को ईंट, लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल युवक को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
घटना का सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मारपीट की फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उसमें दिख रहा कि देर रात युवक हुक्का बार से बाहर निकला। पहले से घात लगाए बैठे करीब आधा दर्जन हमलावरों ने उस पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने उसे लात-घूंसों से पिटा। उसके बाद ईंट उठाकर कई वार किए।




पुलिस कमिश्नर आवास के पास हुई घटना
यह पूरी घटना हजरतगंज थाना क्षेत्र स्थित पुलिस कमिश्नर आवास के पास की बताई जा रही है। वहां लगे सीसीटीवी और मौके पर मौजूद लोगों के मोबाइल कैमरों में पिटाई का वीडियो कैद हुआ है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हमलावरों की पिटाई से युवक गंभीररूप से घायल हो गया। माैके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कराया। उसके बाद उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया। स्थिति गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने जांच शुरू की
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। हजरतगंज पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

