
लखनऊ में स्कॉर्पियो ने जन्माष्टमी का कार्यक्रम देखने जा रहे 10 लोगों को रौंद दिया। 3 की हालत गंभीर है। शनिवार रात लोग पैदल ही मंदिर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पीछे से आई और लोगों को टक्कर मार दी।
चीख-पुकार सुनकर लोग ड्राइवर को पकड़ने दौड़े तो उसने उनके ऊपर भी कार चढ़ा दी। फिर दूसरी गाड़ियों में टक्कर मारता चला गया। इस दौरान कार का एक टायर फट गया, लेकिन वह फटे टायर पर ही गाड़ी दौड़ाता रहा।
इसी दौरान एक सिपाही बाइक से वहां पहुंचा और कार का पीछा शुरू कर दिया। यह देखकर ड्राइवर ने कार रोकी और सिपाही से हाथापाई करने लगा। तब तक पीछे से पहुंचे लोगों ने आरोपी ड्राइवर को पकड़ लिया। घटना पीजीआई थाना क्षेत्र के तेलीबाग बाजार में हुई।
पुलिस ने बताया- घायलों को पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। आरोपी ड्राइवर की पहचान हुसैनगंज निवासी अक्षय सिंह के रूप में हुई है। गाड़ी पर भाजपा का झंडा लगा था।
आरोपी के खिलाफ तीन जिलों में हत्या और लूट के 8 मामले दर्ज हैं। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसके किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़ाव की भी जांच की जा रही है।
3 तस्वीरें देखिए…



अब पूरा घटनाक्रम पढ़िए
हादसे में घायल युवक राजेश की पत्नी नगमा ने पीजीआई थाने में तहरीर दी। उन्होंने बताया- मेरे पति बच्चे के साथ जन्माष्टमी के कार्यक्रम में शामिल होने वरदानी हनुमान मंदिर तेलीबाग जा रहे थे। उसी समय कैंट की तरफ से एक बेकाबू स्कॉर्पियो (UP 32 PZ 3317) ने उन लोगों को टक्कर मार दी।
पति राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के खड़े लोगों ने कार चालक को रोकने की कोशिश की तो उसने उन लोगों पर भी गाड़ी चढ़ा दी।

उसकी गाड़ी लहरा रही थी
प्रत्यक्षदर्शी सुरेश ने बताया- कुछ लोग जन्माष्टमी मनाने जा रहे थे। उसी समय एक नई उम्र का लड़का स्कॉर्पियो लेकर पीछे से सबके ऊपर चढ़ाता चला गया। इस दौरान उसने डिवाइडर पर भी गाड़ी चढ़ा दी। भीड़ उसके आगे आ गई तो वह गाड़ी बैक करते हुए कुछ गाड़ियों को ठोंकता हुआ चला गया।
उसके बाद फिर आगे को बढ़ाते हुए कुछ और लोगों को रौंदता चला गया। उसकी गाड़ी लहरा रही थी। वह आगे जाकर पकड़ा गया।
10 घायलों में 4 की पहचान, 1 अज्ञात
सभी घायल तेलीबाग क्षेत्र के निवासी हैं। अब तक आनंद प्रकाश वर्मा, उनके बेटे 9 साल के आरुष वर्मा, एक अन्य बच्चे युवराज और राजेश की पहचान हुई है। एक घायल की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, अन्य 5 घायलों को मामूली चोट आई थीं, जो फर्स्ट एड कराकर अपने घर चले गए।

ड्राइवर पर लूट, हत्या, धमकी के 8 मुकदमे दर्ज
पीजीआई इंस्पेक्टर धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया- ड्राइवर की पहचान सागर उर्फ अक्षय सिंह के रूप में हुई है। वह नशे में गाड़ी चला रहा था। आरोपी के खिलाफ लखनऊ, बाराबंकी और रायबरेली में लूट, हत्या और धमकी के 8 मुकदमे दर्ज हैं। अभी उससे पूछताछ की जा रही है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि गाड़ी पर राजनीतिक पार्टी का झंडा कैसे लगा हुआ था।

