योगी बोले- कानून व्यवस्था बिगाड़ी तो उपद्रवियों को कुचल देंगे:लखनऊ में ‘आई लव बुलडोजर’ की होर्डिंग; बाराबंकी में बैनर फाड़ने पर हंगामा

कहा- प्रदेश में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को सरकार कुचल देगी। दशहरा बुराई और आतंक के दहन का पर्व है। उपद्रवियों पर ऐसी कार्रवाई होगी कि वे दोबारा कभी गलती की सोच भी नहीं सकेंगे। कार्रवाई के लिए किसी और समय का इंतजार न करें। यही समय है, सही समय है।
इधर, लखनऊ के समता मूलक चौराहे पर नई होर्डिंग लगवा दी गई। जिस पर लिखा है- ‘आई लव श्री योगी आदित्यनाथ जी’ और ‘आई लव बुलडोजर’।
वहीं, बाराबंकी में देर रात आई लव मोहम्मद के पोस्टर फाड़ने पर हंगामा हो गया। इस दौरान काफी संख्या में पुलिस पहुंच गई और हालात काबू में किया।

I Love Muhammad विवाद कानपुर से शुरू हुआ
विवाद कानपुर में 4 सितंबर से शुरू हुआ। बारावफात (ईद मिलाद-उन्नबी) के जुलूस के दौरान एक समूह ने ‘I Love Muhammad’ लिखा एक बैनर/लाइटबोर्ड जुलूस मार्ग पर लगाया। स्थानीय हिंदू संगठनों ने इसका विरोध किया।
पुलिस ने बैनर हटाए और 9 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की। 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई। बाद में विवाद बढ़ गया और कई अन्य शहरों व राज्यों में ‘I Love Muhammad’ के समर्थन में रैलियां, बैनर और पोस्टर लगे। हिंदू समुदाय ने इसके जवाब में “I Love Mahadev/Mahakaal” जैसे बैनर लगाए।
‘आई लव मोहम्मद’ विवाद से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
‘I Love Mohammad’ एक षड्यंत्र- निश्चलानंद सरस्वती

श्री गोवर्धनमठ पुरी के पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी श्री निश्चलानंद सरस्वती ने देश में शुरू हुए ‘I Love Mohammad’ कैंपेन पर सवाल उठाए। उन्होंने अलीगढ़ में कहा- ऐसे लोग आते हैं और चले जाते हैं। मोहम्मद भी आए और गए। लेकिन, इस तरह के कैंपेन के पीछे किसी बड़े षड्यंत्र की संभावना रहती है। कोई मास्टरमाइंड इसके पीछे हो सकता है। जो देश में लोगों को भड़काने का काम कर रहा है।
मौलाना शहाबुद्दीन बोले- कानून अपने हाथ में न लें
अखिल भारतीय मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा- नमाज के बाद जो घटना हुई वो दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी घटनाएं नहीं होना चाहिए, किसी भी तरफ नहीं होनी चाहिए। मैं सभी से शांति बनाए रखने की अपील करता हूं। पैगम्बर-ए-इस्लाम से मोहब्बत का एकमात्र तरीका यही है कि किसी को भी तकलीफ न पहुंचाएं।
क्योंकि उन्होंने पूरी दुनिया को शांति का संदेश दिया है। इसलिए मैं सभी मुसलमानों से आग्रह करता हूं कि वे कानून-व्यवस्था बनाए रखें, कानून अपने हाथ में न लें। किसी से भी झगड़ा न करें – न पुलिस से, न प्रशासन से… पैगम्बर-ए-इस्लाम ने जो कहा और जो रास्ता दिखाया, उस पर चलें। यही सबसे बड़ी मोहब्बत है।
वाराणसी में ‘आई लव मोहम्मद’ जुलूस निकालने पर 4 गिरफ्तार
वाराणसी में बिना अनुमति के ‘आई लव मोहम्मद’ का जुलूस निकालने पर पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं लोहता इलाके में ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर के साथ निकले जुलूस में सिर तन से जुदा के नारे लगने पर पुलिस ने 12 लोगों पर FIR दर्ज की है।
लखनऊ में ‘आई लव बुलडोजर’ की होर्डिंग लगी
यूपी में आई लव मोहम्मद के बवाल के बीच लखनऊ में आई लव बुलडोजर लिखी होर्डिंग लगवा दी गई हैं। BJP नेता अमित त्रिपाठी ने कई सड़कों के किनारे ये होर्डिंग लगवाई हैं। इन पर ‘आई लव श्री योगी आदित्यनाथ जी’ और ‘आई लव बुलडोजर’ लिखा है। ये होर्डिंग वीवीआईपी चौराहा, समता मूलक चौराहा और जानकीपुरम में लगाई गई हैं।
बाराबंकी में ‘आई लव मोहम्मद’ का बैनर फाड़ने पर हंगामा; CCTV आया सामने
बाराबंकी जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र केफैजुल्लागंज गांव में ‘आई लव मोहम्मद’ लिखा बैनर तोड़ने से हंगामा हो गया। शुक्रवार देर रात बैनर तोड़ने वाले के घर में तोड़फोड़ की गई। हंगामा को शांत कराने के लिए गांव में अफसर कई थानों की फोर्स के साथ पहुंचे और मामला शांत कराया।









