
इस हमले के बाद गायत्री प्रजापति के सिर पर 13 टांके आए हैं। जेल प्रशासन ने घटना को आकस्मिक बताया, लेकिन यह मामला अब राजनीतिक-प्रशासनिक हलकों में गहरी हलचल पैदा कर रहा है। मामले के बाद हमलावर कैदी विश्वास कुमार चर्चाओं में आ गया है।

विवाद से शुरू हुआ हत्या का सिलसिला
विश्वास कुमार का नाम 27 मार्च 2022 को हुए सआदतगंज हत्याकांड से जुड़ा है। मामूली कहासुनी के बाद उसने अपने साथियों संग मिलकर एक युवक सैय्यद हामिद अली पर धारदार हथियार से हमला किया था। पहले मुकदमा हत्या के प्रयास (307) में दर्ज हुआ, लेकिन इलाज के दौरान घायल की मौत हो जाने पर मामला हत्या (302) में बदल गया। पुलिस ने विवेचना कर चार्जशीट दाखिल की, जिसमें विश्वास समेत चार आरोपी नामजद किए गए।
भाई ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
इस सनसनीखेज मामले में मृतक के भाई जमील अहमद ने सआदतगंज थाने में तहरीर दी थी। उसने बताया था कि पैसे की चोरी को लेकर आरोपी अजीज और उसके दोस्तों से विवाद हुआ था। उसी रंजिश में विश्वास कुमार और उसके साथियों ने उसके भाई पर हमला किया। खून से लथपथ हालत में उसे रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल से बलरामपुर और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।

जमानत नहीं मिली, जेल में ही बंद रहा विश्वास
विश्वास कुमार ने 2024 में लखनऊ सीजेएम कोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की, लेकिन अदालत ने उसकी दलीलें खारिज कर दीं। इसके बाद से ही वह जेल में बंद है। हत्या के मामले में उसकी गिरफ्तारी के बाद मोहल्ले में दहशत फैल गई थी।
जेल अस्पताल में गायत्री प्रजापति पर हमला, 13 टांके लगे
30 सितंबर 2025 की शाम जेल अस्पताल में सफाई के दौरान विश्वास और गायत्री प्रजापति के बीच विवाद हो गया। बताया जाता है कि प्रजापति ने उसे काम को लेकर टोका, जिस पर पहले बहस हुई और फिर गालियां भी दी गईं। इसी दौरान विश्वास ने अलमारी की लोहे की पटरी से प्रजापति के सिर पर तीन-चार वार कर दिए। गंभीर हालत में प्रजापति को केजीएमयू रेफर किया गया, जहां उनके सिर में 13 टांके लगे और हाथ-पैर में भी चोटें पाई गईं।

जेल प्रशासन बोला- आकस्मिक घटना, कोई साजिश नहीं
डीआईजी जेल डॉ. राम धनी ने घटना को आकस्मिक बताया है। उन्होंने कहा कि यह केवल आपसी विवाद का नतीजा था और किसी प्रकार की कोई साजिश नहीं मिली है। आरोपी बंदी विश्वास पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जेल प्रशासन का कहना है कि फिलहाल जेल की स्थिति सामान्य है।

