Uplive News

UPLive News is a trusted Hindi digital news platform delivering fast, accurate, and unbiased coverage of breaking news, politics, business, sports, entertainment, technology, lifestyle, education, and local updates from Uttar Pradesh, India, and around the world. Our mission is to provide factual journalism through text, photos, and videos while keeping readers informed with reliable and timely news.

अंतराष्ट्रीय

बरहज नगर पालिका अध्यक्ष ने निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया:संकट मोचन मंदिर और अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर गुणवत्ता जांची, महिलाओं से बातचीत भी की

By admin · January 7, 2026 · 1 min read

निर्माण कार्य को देखतीं श्वेता जायसवाल। - Dainik Bhaskar
निर्माण कार्य को देखतीं श्वेता जायसवाल।

देवरिया के बरहज में धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों के विकास को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल सक्रिय नजर आ रही हैं। गुरुवार को उन्होंने वंदन योजना के अंतर्गत वार्ड नंबर-1 पलिया पचौहां स्थित श्री संकट मोचन मंदिर और पुराना बरहज में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल का निरीक्षण किया।

नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल सबसे पहले अवर अभियंता और नगर पालिका कर्मचारियों के साथ श्री संकट मोचन मंदिर पहुंचीं। यहां वंदन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान पूजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों के लिए RCC स्लैब (शेड) निर्माण, श्रद्धालुओं के लिए विश्रामालय (हॉल), मंदिर तक पहुंच मार्ग का सुदृढ़ीकरण, परिसर में प्रकाश व्यवस्था, बैठने के लिए बेंच और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था पर चर्चा की गई।

अवर अभियंता और कर्मचारियों को दिए दिशा-निर्देश

नगर पालिका अध्यक्ष ने सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद नगरवासियों और श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। श्रद्धालुओं ने बताया कि इन सुविधाओं के शुरू होने से मंदिर में आने-जाने और धार्मिक आयोजनों में काफी सहूलियत होगी। विशेष रूप से बुजुर्गों और महिलाओं को विश्रामालय और पेयजल सुविधा से बड़ा लाभ मिलेगा।

इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल पुराना बरहज में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पहुंचीं, जहां CC रोड निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने अवर अभियंता और कर्मचारियों के साथ सड़क की गुणवत्ता का निरीक्षण किया और रखरखाव सहित आगे के कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क बनने से कीचड़ और जलजमाव की पुरानी समस्या खत्म हो गई है।

महिलाओं से बातचीत करतीं नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल।
महिलाओं से बातचीत करतीं नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता जायसवाल।

इस दौरान अध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने कहा कि धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक जगहों का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। वंदन योजना के माध्यम से मंदिरों की सुविधाएं बेहतर होंगी और अंबेडकर स्थल जैसे सार्वजनिक स्थलों पर मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। ये विकास कार्य नगर की सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत को मजबूती देंगे।

और खबरें