लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में मंगलवार रात को संदिग्ध परिस्थितियों में एक इलेक्ट्रिशियन की मौत हो गई। मौत की सूचना करीब 2 घंटे के बाद उसकी पत्नी को मिली। पत्नी ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है परिवार की तरफ से अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं आई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।ठाकुरगंज मुसाहिब पार्क निवासी शानू खान की करीब 15 महीने पहले बलरामपुर जिला की रहने वाली शानिया से निकाह हुआ था। शानिया ने बताया कि पिछले सप्ताह मंगलवार को पति शानू उन्हें मायके छोड़कर आए थे। 15 जनवरी को वह वापस आ गए थे। मंगलवार शाम करीब 5.30 बजे फोन पर बातचीत हुई थी। उन्होंने दुबग्गा के आगे एक प्लॉट खरीदा था। उसका वीडियो बनाकर भेजा था। बात करते हुए उन्होंने कहा था कि शाम को जमीन के कागज भी भेज देंगे।

रात में किया फोन नहीं उठा
शानिया ने बताया कि शाम को बात होने के बाद जब रात में पति को फोन मिलाया तो नहीं उठा। लगातार 20 बार फोन मिलाने के बाद शानू की छोटी बहन ने फोन उठाया और उल्टा सीधा बोलने लगी। उसके बाद फोन काट दिया। इसके बाद फोन बंद कर दिया। पड़ोसियों से जानकारी करने पर पता चला कि पति को परिवार वाले हॉस्पिटल ले गए हैं। बाद में पता चला कि पति की मौत हो गई है।
पत्नी शानिया ने कहा- सुसरालवालों ने पति की मौत की बात छिपाए रखा।
पूरा शरीर पड़ चुका था नीला
पत्नी शानिया ने बताया कि शानू की पूरी बॉडी नीली पड़ गई थी। उनको जहर देकर मारा गया है। शानू के घर वालों ने उसकी मौत की जानकारी तक नहीं दी। प्रॉपर्टी के चक्कर में पति को मार दिया गया है।

खाना खाते समय गिरने से हुई मौत
मृतक के परिजन लतीफ ने बताया कि खाना खाते समय शानू गिर गया था। पहले एक निजी हॉस्पिटल लेकर गए। डॉक्टरों ने ऐरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां पहुंचे तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को घर ले आए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घर से शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह ने बताया कि परिवार की तरफ से अभी तक कोई भी लिखित शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

