
मिहींपुरवा (बहराइच)। मोतीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुडवा के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पुलिया से टकराते हुए नीचे जा गिरी।
भीषण टक्कर में कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
राहुल मिश्रा (28) पुत्र शिव शरण मिश्रा एवं संदीप पाठक (30) पुत्र राकेश पाठक निवासी रुपईडीहा, जिला लखीमपुर खीरी, बुधवार को एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कार (संख्या UP32QU8151) से गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय वे मिहींपुरवा में अपने एक परिचित से मिलने रुके थे।
फिर गुरुवार तड़के करीब तीन बजे वे रुपईडीहा के लिए रवाना हुए। कुडवा के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पुलिया से टकराकर नीचे जा गिरी।
जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर लाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

