
लखनऊ में पिता ने अपने दोस्त के साथ मिलकर नाबालिग बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। पहचान मिटाने के लिए चेहरे को तेजाब से जला दिया। शव को बाराबंकी में कुर्सी रोड के किनारे फेंक दिया। इसके बाद बेटी के लापता होने की कहानी रचते हुए IGRS पर शिकायत कर दी।
पुलिस ने आरोपी पिता और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने अपना जुर्म कबूल किया है। पिता ने बताया है कि बेटी कई लड़कों से बातचीत करती थी। 2025 में एक लड़के के साथ भाग गई थी।
उसके अफेयर से परेशान होकर उसकी हत्या कर दी। घटना चिनहट थाना क्षेत्र के धावा का है। किशोरी की पहचान 16 साल की चांदनी चौबे के रूप में हुई है।

डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि 16 अप्रैल धावा चिनहट निवासी विजय कुमार चौबे (34) ने IGRS के जरिए अपनी 16 साल की बेटी चांदनी के लापता होने की सूचना दी। IGRS की शिकायत के आधार पर चिनहट पुलिस 18 अप्रैल को विजय कुमार के घर पहुंची।
विजय कुमार घर पर नहीं मिला। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि वह खुद ही बेटी को अपने साथ लेकर गया था। इस पर पुलिस ने विजय कुमार को फोन करके संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन नंबर बंद आया।
चांदनी 2025 में एक युवक के साथ भागकर गई थी। इस वजह से पुलिस युवक के घर भी गई। युवक अपने घर पर मिला। उसने बताया कि चांदनी से 13 अप्रैल को फोन पर बात हुई थी। उसने कहा था कि पिता के साथ झाड़-फूंक के लिए जा रही है। कॉल मत करना।
उसके बाद से उससे संपर्क नहीं हुआ। इस पर चांदनी पिता के ऊपर शक गहराया। सर्विलांस की मदद ली गई तो 19 अप्रैल को विजय कुमार की लोकेशन गोंडा स्थित ससुराल में मिली। 19 अप्रैल को उसे उसकी ससुराल से पकड़ लिया गया।
पूछताछ में उसने अपने दोस्त अब्दुल मन्नान (45) के साथ मिलकर बेटी की हत्या करने की बात कबूल की। उसके बाद उसके दोस्त अब्दुल मन्नान को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पिता विजय कुमार चौबे ने पुलिस की पूछताछ में बताया- बेटी वंदना चौबे कई लड़कों से बातचीत करती थी। एक युवक के साथ 2025 में भाग गई थी। जिसका चिनहट थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था। करीब 15 दिन बाद पुलिस ने बेटी को बरामद करके परिवार को सौंप दिया था।
इसके बाद भी बेटी लगातार उस युवक से बात कर रही थी। 13 अप्रैल को प्लान के तहत किराए पर कार लेकर दोस्त अब्दुल मन्नान के साथ बेटी को झाड़-फूंक के बहाने बाराबंकी ले गया। रात में ढाबे पर रूका। 14 अप्रैल को कार से उसे लेकर शारदा नहर के किनारे बड्डूपुर, कुर्सी रोड, बाराबंकी पहुंचा।
कार में सो रही बेटी का गला दबाकर हत्या कर दी। बेटी ने विरोध किया, लेकिन मैंने और दोस्त मन्नान ने उसकी जान निकलने तक गला दबाए रखा। उसके बाद शव को नहर में फेंकने की कोशिश की, लेकिन राहगीरों के आने की वजह से ऐसा नहीं कर पाया। इस पर बेटी के चेहरे को तेजाब से जलाकर सड़कर किनारे ही फेंक दिया।

बाराबंकी पुलिस को मिला था शव
डीसीपी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि विजय कुमार चौबे ने अपना जुर्म कबूल किया। उसके बाद बाराबंकी पुलिस से संपर्क किया गया। बाराबंकी पुलिस को चांदनी की तस्वीर भेजी गई। बाराबंकी पुलिस ने बताया कि 15 अप्रैल को शारदा नहर के किनारे बड्डूपुर, कुर्सी रोड पर चांदनी का शव मिला था।
उसकी पहचान करने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस पर तीन दिन बाद अज्ञात में शव का पोस्टमॉर्टम कराकर अंतिम संस्कार कर दिया गया था। डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि चिनहट थाना पुलिस बाराबंकी पुलिस से पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्य लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

