
लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में स्कूल की वैन पेड़ से टकरा गई। इस घटना में सैंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज हजरतगंज के तीन बच्चे घायल हो गए। तीनों घर से स्कूल के लिए जा रहे थे। वैन ड्राइवर के कंट्रोल से बाहर हो गई और सीधे जाकर पेड़ से भिड़ गई। इसमें ड्राइवर भी घायल हुआ।
पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6:30 इको गाड़ी सैंट फ्रांसिस के बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। तभी चालक भूपेंद्र सिंह अचानक गाड़ी लेकर अनियंत्रित हो गया और पेड़ से टकरा गया।
ये बच्चे घायल हुए
घटना के बाद बच्चों की चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग जमा हो गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाज के लिए लोहिया अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान 8वीं के स्टूडेंट अभिनव इब्राहम सिंह (मल्हौर चिनहट) के रूप में हुई। ऋषि गार्डेन देवा रोड निवासी आयुष वर्मा और उसके चचेरे भाई अर्नव पटेल को भी चोट आई है।
आयुष सैंट फ्रांसिस में 7वीं का छात्र है, वहीं अर्नव 8वीं में पढ़ता है। आयुष के पैर में और अर्नव के सीने में चोट आई है। दोनों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। चालक के बताया कि उसको अचानक झपकी आ गई थी। इसके चलते हादसे का शिकार हो गया।

