फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद अब इसके दूसरे पार्ट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अपनी आध्यात्मिक रुचि के लिए भी जाने जाते हैं…
फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद अब इसके दूसरे पार्ट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा अपनी आध्यात्मिक रुचि के लिए भी जाने जाते हैं और दोनों कई सालों से कैंची धाम में दर्शन के लिए पहुंचते रहे हैं। अब फिल्म के दूसरे भाग में दोनों के कैमियो को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। दरअसल, बॉलीवुड हंगामा को दिए एक इंटरव्यू में फिल्म की मेकर नम्रता सिंह से पूछा गया कि क्या विराट कोहली और अनुष्का शर्मा जैसे सितारे फिल्म के दूसरे भाग में कैमियो कर सकते हैं। इस पर नम्रता सिंह ने बताया कि उन्होंने कई बड़े सितारों से संपर्क किया है और वे पहले से ही फिल्म के बारे में जानते हैं।
मेकर्स के इस बयान के बाद माना जा रहा है कि ‘हनुमान अंश’ के दूसरे भाग में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा कैमियो के तौर पर नजर आ सकते हैं। हालांकि, दोनों की फिल्म में मौजूदगी को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
तीन पार्ट में बनेगी ‘हनुमान अंश’
नम्रता सिंह के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ की कहानी तीन भागों में बनाई जाएगी। मेकर्स नीम करोली बाबा की कहानी को दुनियाभर तक पहुंचाना चाहते हैं। कैंची धाम की आध्यात्मिक कहानी को लेकर देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी लोगों की दिलचस्पी रही है। कहा जाता है कि नीम करोली बाबा की आध्यात्मिक ऊर्जा से कई चर्चित हस्तियां प्रभावित हुई थीं। इनमें स्टीव जॉब्स, मार्क जुकरबर्ग, जैक डोर्सी और जूलिया रॉबर्ट्स जैसे नाम भी शामिल हैं।
150 करोड़ के करीब पहुंची फिल्म
‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को शुरुआती दो हफ्तों में खास प्रतिक्रिया नहीं मिली थी, लेकिन बाद में वर्ड ऑफ माउथ के चलते फिल्म की कमाई में तेजी आई। फिल्म अब 150 करोड़ रुपये के आंकड़े के करीब पहुंच गई है। हाल ही में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी फिल्म की टीम से मुलाकात की थी। वहीं कंगना रनौत, मधुर भंडारकर, प्रीति जिंटा और वीरेंद्र सहवाग समेत कई हस्तियां फिल्म की तारीफ कर चुकी हैं।
div
Source: Filmitics







