लखनऊ, 11 सितंबर। उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और शासन व्यवस्था को समझने के लिए केरलम से आए पत्रकारों ने लखनऊ में मीडिया संवाद के दौरान यूपी के मॉडल की जानकार…
लखनऊ, 11 सितंबर। उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और शासन व्यवस्था को समझने के लिए केरलम से आए पत्रकारों ने लखनऊ में मीडिया संवाद के दौरान यूपी के मॉडल की जानकारी ली। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), लखनऊ और उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों राज्यों के पत्रकारों ने अपने-अपने अनुभव साझा किए।
संवाद का मुख्य उद्देश्य मीडिया के जरिए दोनों राज्यों के बीच आपसी समझ, सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना रहा।पीआईबी लखनऊ के नेतृत्व में केरलम के प्रमुख इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया संस्थानों के पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल लखनऊ दौरे पर है। मीडिया संवाद के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश की संस्कृति, विकास यात्रा और शासन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझा। केरलम के पत्रकारों ने खास तौर पर यूपी की कानून-व्यवस्था को लेकर किए गए प्रयासों और पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी ली। सरकार और जनता के बीच संवाद, फीडबैक मैकेनिज्म और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।वहीं, उत्तर प्रदेश के पत्रकारों ने केरलम की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के पीछे की वजहों को समझने में रुचि दिखाई।
दोनों राज्यों के पत्रकारों ने अपने-अपने यहां मीडिया के काम करने के तरीके, स्थानीय मुद्दों और जनसरोकार से जुड़ी खबरों को प्राथमिकता देने की प्रक्रिया पर भी विचार साझा किए।मीडिया संवाद में बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग के बीच बढ़ते संबंधों पर भी चर्चा हुई। पत्रकारों ने दोनों क्षेत्रों की फिल्म इंडस्ट्री और सिनेमा के जरिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान की संभावनाओं पर अपने विचार रखे।कार्यक्रम में पीआईबी केरलम की निदेशक वी. पार्वती और उत्तर प्रदेश सूचना विभाग के अपर निदेशक सूचना अरविंद कुमार मिश्रा समेत विभिन्न मीडिया संस्थानों के वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे। यह कार्यक्रम ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना के अनुरूप आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य अलग-अलग राज्यों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी समझ और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। केरलम के मीडिया प्रतिनिधिमंडल का लखनऊ दौरा इसी दिशा में दोनों राज्यों के पत्रकारों के बीच संवाद और अनुभव साझा करने की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
div
Source: Filmitics







