उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने पार्टी के दो अहम पदों से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। रावत ने यह फैसला अपने करीबी सहयोगी औ…
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने पार्टी के दो अहम पदों से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। रावत ने यह फैसला अपने करीबी सहयोगी और पूर्व ओएसडी चंदन सिंह जीना के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के एक दिन बाद लिया है। रावत ने कहा कि ऐसे समय में जब राहुल गांधी भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं, उनके सहयोगी पर लगे आरोपों की वजह से पार्टी की मुहिम कमजोर नहीं होनी चाहिए।
हरीश रावत ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वह उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी सदस्य और कांग्रेस कार्य समिति (CWC) के स्थायी आमंत्रित सदस्य के पद से हट रहे हैं। रावत ने स्पष्ट किया कि वह किसी सरकारी पद पर नहीं हैं, इसलिए सरकारी पद से इस्तीफे का सवाल नहीं है, लेकिन पार्टी के इन दोनों पदों से हटना चाहते हैं।हरीश रावत ने चंदन सिंह जीना का बचाव भी किया। उन्होंने कहा कि जीना उनके ओएसडी के रूप में काम कर चुके हैं और पार्टी तथा सरकार में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। रावत ने उन्हें मेहनती, सभ्य और विनम्र व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि मीडिया में जीना के ठिकानों से बड़ी मात्रा में नकदी, आभूषण और अन्य कीमती सामान बरामद होने की खबरें सामने आ रही हैं, लेकिन मामले की सच्चाई समय आने पर स्पष्ट हो जाएगी।रावत ने कहा कि अगर ग्राम सेवकों की भर्ती या ओएमआर शीट में किसी तरह की छेड़छाड़ के आरोपों के प्रमाण सामने आते हैं तो वह ऐसे कृत्य के लिए शर्मिंदा होंगे।
हालांकि, उन्होंने कहा कि फिलहाल वह अपने सहयोगी पर लगाए गए इन आरोपों पर भरोसा नहीं करते हैं।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अक्सर मजाक में कहते थे कि चुनाव के समय सीबीआई उनके दरवाजे पर आएगी। उन्होंने कहा कि इस बार उनके दरवाजे की जगह उनके किसी सहयोगी के दरवाजे पर दस्तक देकर एक नई कहानी बनाने की कोशिश की गई है।हरीश रावत ने कहा कि राहुल गांधी इन दिनों शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। ऐसे समय में वह नहीं चाहते कि उनके सहयोगी पर लगे आरोपों की वजह से कांग्रेस की भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई कमजोर हो। इसी वजह से उन्होंने पार्टी के दोनों अहम पदों से हटने का फैसला लिया है।
div
Source: Filmitics







