Uplive News

UPLive News is a trusted Hindi digital news platform delivering fast, accurate, and unbiased coverage of breaking news, politics, business, sports, entertainment, technology, lifestyle, education, and local updates from Uttar Pradesh, India, and around the world. Our mission is to provide factual journalism through text, photos, and videos while keeping readers informed with reliable and timely news.

अंतराष्ट्रीय

लखीमपुर में भीषण सड़क हादसा, बहराइच के सात समेत दस लोगों की मौत।

By admin · May 19, 2026 · 1 min read

मिहींपुरवा/बहराइच लखीमपुर-नानपारा मार्ग पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बहराइच के सात लोगों समेत कुल दस लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब सात बजे धौरहरा तहसील के ईसानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अदलीसपुर मजरा भरेहटा के पास एक मैजिक वाहन संख्या यूपी 31 एटी 0449 और ट्रक संख्या यूपी 14 एचटी 5176 के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे के समय मैजिक वाहन में दस लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने आठ पुरुषों और दो महिलाओं को मृत घोषित कर दिया।

काफी देर तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन बाद में पुलिस ने प्रयास कर सभी की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा पोस्टमार्टम हाउस जाकर स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

मृतकों में बहराइच जनपद के थाना मोतीपुर क्षेत्र के मनगौढ़िया निवासी जयवीर सिंह (25) पुत्र पेशकार सिंह, मिहींपुरवा निवासी राजेश गोयल (45) पुत्र मन्नीलाल गोयल, मुर्तिहा कोतवाली क्षेत्र के ककरहा निवासी सहजराम (35) पुत्र छोटे निषाद, पवन कुमार राजभर, संतोष पुत्र सोहन निवासी रामवचन पुरवा, खैरीघाट थाना क्षेत्र के देवदत्तपुर निवासी पप्पू पुत्र दूलन गौतम (18) तथा मिहींपुरवा ब्लॉक के रायबोझा स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षिका गायत्री वैश्य पत्नी रमेश चंद्र निवासी विजय लक्ष्मी नगर, सीतापुर शामिल हैं। भीषण हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है। पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर गमगीन माहौल बना हुआ है।

और खबरें