लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बहुजन समाज पार्टी में एक बार फिर अंदरूनी सियासी हलचल की चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी प्रमुख मायावती और उनके भती…
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बहुजन समाज पार्टी में एक बार फिर अंदरूनी सियासी हलचल की चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी प्रमुख मायावती और उनके भतीजे आकाश आनंद के बीच रिश्तों को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठ चुके हैं। अब आकाश आनंद के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बदले गए बायो ने इन चर्चाओं को एक बार फिर हवा दे दी है।दरअसल, आकाश आनंद ने एक ही दिन में अपने एक्स प्रोफाइल का बायो दो बार बदला। पहले उन्होंने खुद को ‘BSP Worker’ यानी बसपा कार्यकर्ता बताया, लेकिन कुछ ही समय बाद इसे बदलकर ‘BSP Supporter’ यानी बसपा समर्थक कर दिया।
आकाश आनंद के प्रोफाइल में हुए इस बदलाव के बाद सियासी गलियारों में उनके भविष्य को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।आकाश आनंद के बायो में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब मायावती और उनके बीच मतभेद की चर्चाएं लगातार सामने आती रही हैं। इससे पहले आकाश आनंद खुद को बसपा के कोऑर्डिनेटर के तौर पर पेश करते थे। बाद में उनके प्रोफाइल में ‘BSP Worker’ लिखा गया और अब उन्होंने खुद को केवल ‘BSP Supporter’ बताया है। लगातार बदलती प्रोफाइल पहचान को राजनीतिक जानकार बसपा के भीतर चल रही गतिविधियों से जोड़कर देख रहे हैं।
आकाश आनंद की भूमिका को लेकर मायावती पहले भी अपनी नाराजगी जाहिर कर चुकी हैं। मायावती ने उन्हें राजनीतिक तौर पर अभी अपरिपक्व बताया था और संकेत दिया था कि बड़ी जिम्मेदारी संभालने के लिए उन्हें अभी और अनुभव की जरूरत है। इसके बाद आकाश आनंद के बायो में बदलाव देखने को मिला था।अब एक बार फिर उनके प्रोफाइल में हुए बदलाव ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या आकाश आनंद बसपा से दूरी बनाने की तैयारी में हैं या फिर पार्टी नेतृत्व उनके खिलाफ कोई बड़ा फैसला लेने वाला है। हालांकि, आकाश आनंद की ओर से अभी तक इस बदलाव को लेकर कोई स्पष्ट राजनीतिक बयान सामने नहीं आया है।उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए आकाश आनंद की भूमिका बसपा के लिए काफी अहम मानी जाती है। ऐसे में उनके सोशल मीडिया प्रोफाइल में लगातार हो रहे बदलाव ने पार्टी की अंदरूनी सियासत को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया है। फिलहाल आकाश आनंद के बसपा छोड़ने या मायावती की ओर से उन्हें पार्टी से बाहर किए जाने को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन उनके नए बायो ने सियासी अटकलों को जरूर बढ़ा दिया है।
div
Source: Filmitics

