लखनऊ। दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू के लखनऊ आगमन पर उत्तर प्रदेश राज्य अल्पसंख्यक आयोग के वरिष्ठ सदस्य एवं उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा कोऑर्डिनेश…
लखनऊ। दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू के लखनऊ आगमन पर उत्तर प्रदेश राज्य अल्पसंख्यक आयोग के वरिष्ठ सदस्य एवं उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष सरदार परविंदर सिंह के नेतृत्व में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सिख समाज के हित में किए जा रहे कार्यों और लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी साझा की।सरदार परविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष चारों साहिबजादों की महान शहादत की स्मृति में वीर बाल दिवस मनाने की पहल रखी थी। वर्ष 2018 में उन्होंने दोबारा इस संबंध में आग्रह किया। उनके अनुसार मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए लखनऊ से शासकीय स्तर पर वीर बाल दिवस यानी साहिबजादा दिवस के आयोजन की शुरुआत की। मुख्यमंत्री आवास पर पहली बार गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश और कीर्तन-गुरबाणी का आयोजन भी कराया गया।उन्होंने बताया कि प्रदेश के कक्षा 8, 9 और 10 के पाठ्यक्रम में श्री गुरु नानक देव जी, श्री गुरु तेग बहादुर जी, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और चारों साहिबजादों के इतिहास को शामिल किया गया है।
वीर बाल दिवस के अवसर पर प्रदेश के करीब तीन करोड़ विद्यार्थी भाषण, निबंध, चित्रकला और प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हैं। इससे नई पीढ़ी को सिख गुरुओं और साहिबजादों के इतिहास, त्याग और बलिदान से परिचित कराने में मदद मिल रही है।सरदार परविंदर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिछले वर्षों में सिख धर्म के गुरुओं के प्रकाश उत्सव, शहीदी पर्व और अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर करीब 100 कार्यक्रमों में सहभागिता कर चुके हैं। उनके अनुरोध पर लखनऊ में खालसा चौक का निर्माण कराया गया है। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न गुरुद्वारों के जीर्णोद्धार और विकास के लिए भी सरकार की ओर से धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।प्रतिनिधिमंडल ने उपराज्यपाल को प्रदेश में सिख समाज को राजनीतिक, सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में प्रतिनिधित्व एवं भागीदारी देने की दिशा में किए जा रहे कार्यों से भी अवगत कराया। साथ ही धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण और सिख समाज की धार्मिक भावनाओं व गौरवशाली इतिहास के सम्मान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल की ओर से श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष को समर्पित स्मृति-चिह्न उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू को भेंट किया गया। उन्हें शॉल और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित भी किया गया।इसके अलावा गुरुद्वारा यहियागंज की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में भी सरदार परविंदर सिंह ने सहभागिता की और प्रतिनिधिमंडल की ओर से उपराज्यपाल का स्वागत एवं अभिनंदन किया।प्रतिनिधिमंडल में सरदार तरनजीत सिंह, सरदार हरप्रीत सिंह, सरदार चरणजीत सिंह होरा, सरदार कवलजीत सिंह और सरदार त्रिलोचन सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।सरदार परविंदर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश का सिख समाज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा समाज के हित में किए जा रहे कार्यों के लिए आभार व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सामाजिक समरसता, धार्मिक सद्भाव और राष्ट्र निर्माण की दिशा में सिख समाज अपना निरंतर सहयोग देता रहेगा।
div
Source: Filmitics







