ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में शुक्रवार से शुरू हुए चौथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, पारंपरिक…
ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में शुक्रवार से शुरू हुए चौथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, पारंपरिक और तकनीकी ताकत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने की बात कही. मुख्यमंत्री ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश को नई पहचान दिलाने की पहल है. यह आयोजन प्रदेश की परंपरा और तकनीक को एक मंच पर लाकर ग्लोबल मार्केट से जोड़ने का काम कर रहा है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रेड शो में शामिल होने आए 90 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों, फॉरेन बायर्स और एग्जीबिटर्स का स्वागत और आभार जताया. उन्होंने जापान, सिंगापुर और बेलारूस के राजदूतों एवं उच्चायुक्तों का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया. मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार करीब 600 विदेशी खरीदार और लगभग डेढ़ लाख बी-टू-बी विजिटर्स यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का हिस्सा बनने वाले हैं
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की असली ताकत उसकी परंपरा और उद्यम में है. इसी सोच के साथ परंपरागत उद्योगों को वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) के रूप में ब्रांड देने का काम किया गया. उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों के विशिष्ट उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और उन्हें वैश्विक स्तर तक पहुंचाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश तेजी से मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में आगे बढ़ रहा है और प्रदेश से दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात दुनिया के विभिन्न देशों में हो रहा है
उन्होंने कहा कि यूपीआईटीएस इसी बदलाव और परिवर्तन को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है. मुख्यमंत्री के मुताबिक इस बार करीब 36 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन किया गया है, जिसमें 2400 से अधिक एग्जीबिटर्स हिस्सा ले रहे हैं. ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों से लेकर आधुनिक तकनीक, मैन्युफैक्चरिंग, एमएसएमई और नवाचार से जुड़े उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है
div
Source: NewsNation TV







