कानपुर के यात्रियों के लिए रेलवे की ओर से बड़ी सौगात सामने आई है. कानपुर सेंट्रल स्टेशन से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई दैनिक ट्रेन चलाने को मंजूरी म…
कानपुर के यात्रियों के लिए रेलवे की ओर से बड़ी सौगात सामने आई है. कानपुर सेंट्रल स्टेशन से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई दैनिक ट्रेन चलाने को मंजूरी मिल गई है. रेलवे बोर्ड से स्वीकृत इस ट्रेन का नाम 14153-14154 कानपुर मेल रखा गया है. खास बात यह है कि यह कानपुर सेंट्रल से चलने वाली पहली ऐसी ट्रेन होगी, जिसका नाम शहर के नाम पर रखा गया है
कानपुर से दिल्ली के बीच नई सीधी ट्रेन की मांग काफी समय से की जा रही थी. भाजपा सांसद रमेश अवस्थी ने रेलवे बोर्ड के चेयरमैन, रेल मंत्री और क्षेत्रीय उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठकों में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था. उनके अनुसार, एक सितंबर 2001 को श्रमशक्ति एक्सप्रेस शुरू होने के करीब 25 साल बाद कानपुर से दिल्ली के लिए एक नई सीधी दैनिक ट्रेन को मंजूरी मिली है. सांसद रमेश अवस्थी ने कहा है कि इस ट्रेन का संचालन हर हाल में दशहरा तक शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, कानपुर मेल के रास्ते में आठ स्टॉपेज प्रस्तावित हैं। इससे गाजियाबाद, दादरी और रास्ते में आने वाले अन्य इलाकों के यात्रियों को भी दिल्ली और कानपुर के बीच सफर करने में सुविधा मिलेगी
ट्रेन का टाइमटेबल भी सामने आया है. ट्रेन संख्या 14153 कानपुर मेल कानपुर सेंट्रल से रोजाना रात 8:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी. वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 14154 आनंद विहार से रात 11:25 बजे चलेगी और सुबह 7:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी. नई ट्रेन की मंजूरी पर सांसद रमेश अवस्थी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया. उन्होंने कहा कि नई ट्रेन से शहर के लोगों को काफी राहत मिलेगी. सांसद ने दावा किया कि यह ट्रेन यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय होगी और इसे दशहरा तक शुरू कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा
त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मुंबई और पुणे से पूर्वांचल के अलग-अलग शहरों के लिए भी विशेष ट्रेनों का संचालन करने का फैसला किया है. लोकमान्य तिलक टर्मिनस-मऊ स्पेशल ट्रेन 11 अक्टूबर से 20 नवंबर तक चलेगी और इसके 12 फेरे होंगे। यह ट्रेन प्रयागराज छिवकी के रास्ते वाराणसी, जौनपुर और शाहगंज होते हुए मऊ पहुंचेगी. इसी तरह हडपसर-गाजीपुर सिटी द्वि-साप्ताहिक स्पेशल का संचालन 13 अक्टूबर से 20 नवंबर तक किया जाएगा. इसके भी 12 फेरे निर्धारित हैं। यह ट्रेन प्रयागराज छिवकी के बाद वाराणसी और जौनपुर होते हुए गाजीपुर सिटी पहुंचेगी
वहीं लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 14 अक्टूबर से 19 नवंबर तक चलेगी. इस ट्रेन के भी 12 फेरे होंगे और यह प्रयागराज छिवकी होते हुए बनारस पहुंचेगी. पूर्वोत्तर रेलवे ने भी त्योहारों को देखते हुए कई विशेष ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है. मऊ-अंबाला कैंट साप्ताहिक त्योहार स्पेशल वाया गोरखपुर चलाई जाएगी. ट्रेन संख्या 05301-05302 के कुल नौ फेरे होंगे और इसका संचालन एक अक्टूबर से 27 नवंबर तक किया जाएगा
इसके अलावा योगनगरी ऋषिकेश-कोलकाता-योगनगरी ऋषिकेश आरक्षित त्योहार विशेष एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 04312-04311 का संचालन 16 अक्टूबर से 22 नवंबर तक होगा. वहीं अमृतसर-कोलकाता-अमृतसर त्योहार विशेष एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 04624-04623 सात अक्टूबर से 28 नवंबर तक यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी. इस तरह त्योहारों के दौरान कानपुर से दिल्ली के बीच नई दैनिक ट्रेन के साथ-साथ पूर्वांचल और दूसरे प्रमुख शहरों के लिए स्पेशल ट्रेनों की सुविधा मिलने से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे
div
Source: NewsNation TV







