US Iran War: ईरान और अमेरिका के बीच फिलहाल जंग नहीं हो रही है लेकिन दोनों देश एक दूसरे को आए दिन नई धमकियां देने से बाज नहीं आ रहे हैं. शांति वार्ता पर बात होत…
US Iran War: ईरान और अमेरिका के बीच फिलहाल जंग नहीं हो रही है लेकिन दोनों देश एक दूसरे को आए दिन नई धमकियां देने से बाज नहीं आ रहे हैं. शांति वार्ता पर बात होते होते ईरान ने अमेरिका को नई धमकी दी है. ईरान ने साफ कहा कि जिस इलाके में हम तेल नहीं बेचते, वहां कोई और भी तेल नहीं बेच पाएगा
ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालिबाफ ने अमेरिका और अन्य देशों को होर्मुज को लेकर चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि अगर ईरान की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई तो क्षेत्र में कोई भी बुनियादी ढांचा सुरक्षित नहीं रहेगा. मंगलवार को एक सार्वजनिक वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान गालिबाफ ने होर्मुज और वहां से जहाजों की आवाजाही को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया दी
गालिबाफ ने कहा कि ट्रंप की ओर से दिए गए बयान पहले किए गए दावों की ही दोहराव हैं और उनकी सच्चाई सभी के सामने है. उन्होंने कहा कि अमेरिका और दूसरे देशों को यह समझना चाहिए कि जैसा हमने पहले भी कहा है, जिस इलाके में हम तेल नहीं बेचते, वहां कोई और भी तेल नहीं बेच पाएगा
गालिबाफ ने आगे कहा कि ईरान अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगा. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती है तो क्षेत्र में कोई भी बुनियादी ढांचा सुरक्षित नहीं रहेगा
वर्तमान हालात की तुलना करते हुए गालिबाफ ने कहा कि ईरान की युवा पीढ़ी को यह समझना चाहिए कि अमेरिका की ओर से समुद्री नाकाबंदी लगाने, हवाई रास्ते बंद करने और देश के व्यापारिक मार्गों पर दबाव बढ़ाने की कोशिशें भी सफल नहीं होंगी.उन्होंने कहा कि अगर आर्थिक मोर्चे पर बेहतर योजना और प्रबंधन के साथ काम किया जाए और 1980 की तरह सैन्य स्तर पर जवाब दिया जाए, तो इन अमेरिकी प्रयासों को नाकाम किया जा सकता है
स्पीकर गालिबाफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति के रुख की आलोचना करते हुए कहा कि ईरान किसी भी तरह की धमकी से डरने वाला नहीं है. उन्होंने कहा कि इतने लंबे और समृद्ध इतिहास वाले देश को धमकियों या घेराबंदी से डरने की जरूरत नहीं है. अगर अमेरिका की रणनीति इस बात को नहीं समझती है, तो उसे ईरान की ओर से लगातार कड़े जवाब का सामना करना पड़ेगा. गालिबाफ ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में अमेरिकी राष्ट्रपति के रवैये का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि ईरान के प्रति उनके व्यवहार से लगता है कि उनके रुख में कोई बदलाव नहीं आया है. उन्होंने कहा कि ईरान की ओर से भी जवाब पहले जैसा ही स्पष्ट रहेगा- बदलो, ताकि हम भी बदल सकें
स्पीकर गलिबाफ ने आगे कहा कि ईरान किसी भी तरह की आक्रामक कार्रवाई या दुस्साहस का कड़ा जवाब देगा. उन्होंने कहा कि अमेरिका को समझ लेना चाहिए कि ईरान को धमकाकर या डराकर दबाव में लाने का दौर अब खत्म हो चुका है. उन्होंने कहा कि ईरान कूटनीतिक दबाव, बयानों या हवाई और व्यापारिक नाकाबंदी के कारण पीछे नहीं हटेगा. गालिबाफ ने चेतावनी दी कि अगर ईरान के खिलाफ किसी तरह की आक्रामक कार्रवाई की जाती है, तो इस्लामिक गणराज्य की ओर से उसका जवाब कड़ा, सटीक और तुरंत दिया जाएगा. आईआरएनए के अनुसार, ये टिप्पणियां तब आईं जब ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची अपने कार्यक्रमों और गहन राजनयिक परामर्शों को समाप्त करने के बाद न्यूयॉर्क से तेहरान के लिए रवाना हुए
div
Source: NewsNation TV







