एशियन गेम्स के क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा और तिलक वर…
एशियन गेम्स के क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत पाकिस्तान के सामने 212 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में पाकिस्तान की टीम 192 रन ही बना सकी।
भारत की पारी की शुरुआत में वैभव सूर्यवंशी ने 9 गेंदों पर 15 रन बनाए, जिसमें दो छक्के शामिल रहे। संजू सैमसन एक बार फिर बल्ले से प्रभाव नहीं छोड़ सके और महज 2 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। यह इस फॉर्मेट में उनका 13वां अर्धशतक रहा। अभिषेक ने 28 गेंदों पर 61 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। ईशान किशन 18 गेंदों पर 20 रन बनाकर आउट हुए, जबकि श्रेयस अय्यर ने 24 गेंदों पर 21 रन बनाए। अंतिम ओवरों में शिवम दुबे और तिलक वर्मा ने तेजी से रन बटोरे। दुबे ने 15 गेंदों पर 27 रन बनाए, वहीं तिलक वर्मा ने महज 22 गेंदों पर 51 रनों की तूफानी पारी खेली। पाकिस्तान की ओर से अहमद दानियाल और अराफात मिन्हास ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की ओर से हसन नवाज ने 96 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका। सैम अयूब और माज सदाकत ने भी कुछ समय तक संघर्ष किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। भारत की ओर से शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट हासिल किए। पाकिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 192 रन ही बना सकी भारत ने मुकाबला 19 रन से जीत कर एशियन गेम्स में क्रिकेट का गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
div
Source: Filmitics







