बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर तंज कसते हु…
बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। विधायक अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि बीमार पड़ना और अस्पताल में भर्ती होना उनकी पुरानी आदत है। अनंत सिंह के इस बयान ने चुनावी माहौल में नई चर्चा छेड़ दी है।
नीरज कुमार की तबीयत खराब होने की खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए अनंत सिंह ने कहा, “सब दिन का आदत है, पुराना आदत है। बूथ पर पैसा भेजना होगा तो बीमार हो जाएगा, अस्पताल में भर्ती हो जाएगा, फिर दो घंटा बाद आ जाएगा, ठीक हो जाएगा।” अनंत सिंह का यह बयान ऐसे समय आया है, जब बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। हालांकि, नीरज कुमार की बीमारी को लेकर अनंत सिंह की टिप्पणी उनका व्यक्तिगत आरोप है।
– दशहरा पर सुरेश राणा का बड़ा बयान, बोले- ‘जो राम का नहीं, वह किसी काम का नहीं’
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम जेडीयू के स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार नीरज कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें हृदय संबंधी परेशानी महसूस होने के बाद पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। खबर के अनुसार, उन्हें आईसीयू में रखकर इलाज किया जा रहा था। 23 अक्टूबर को होने वाले एमएलसी चुनाव से पहले उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आने के बाद समर्थकों में चिंता बढ़ गई।
अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच राजनीतिक मतभेद पहले भी सामने आ चुके हैं। अनंत सिंह जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के बजाय जन सुराज के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं और उनके पक्ष में प्रचार भी कर चुके हैं। दोनों नेताओं के बीच पुराना राजनीतिक विवाद बताया जाता है। विधानसभा चुनाव के दौरान भी एक-दूसरे के खिलाफ प्रचार को लेकर तनातनी सामने आई थी। विवाद को खत्म कराने के लिए जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने भी हस्तक्षेप किया था, लेकिन अनंत सिंह ने नीरज कुमार के समर्थन के बजाय डॉ. अनुज सिंह का साथ दिया।
अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर भी अनंत सिंह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “केस किया है तो क्या हुआ? बेल कराएंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित मामले में पुलिस अधिकारी ने उनका नाम भी जोड़ दिया है। वहीं, चुनावी तैयारी को लेकर अनंत सिंह ने कहा कि जनता मालिक है और उनकी तैयारी अच्छी है। दशहरे के अवसर पर उन्होंने युवाओं को पढ़ाई-लिखाई पर ध्यान देने और माता-पिता को परेशान नहीं करने की सलाह भी दी। बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच नीरज कुमार की तबीयत और उस पर अनंत सिंह की टिप्पणी अब राजनीतिक चर्चा का विषय बनी हुई है।
div
Source: Filmitics







