
अखिलेश यादव रविवार को लोहिया पार्क में डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे।
पैसों में खींचतान होने पर सस्पेंड किया
अखिलेश यादव ने कहा कि जब तक पैसा बराबर बंट रहा था, तब तक सब सही था। जैसे ही पैसों में खींचतान हुई, तो IAS अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया। इससे पहले भ्रष्टाचार का खेल सरकार की नाक के नीचे फल-फूल रहा था।

मोहनलालगंज और सरोजनी नगर में अवैध कब्जे अखिलेश
अखिलेश ने कहा कि मोहनलालगंज और सरोजनी नगर तहसीलों में भाजपा नेताओं ने सबसे अधिक जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया है और वे भू-माफिया बन गए हैं, वे जनता के सेवक नहीं हैं। आगरा और गाजियाबाद में भाजपा विधायक खुलेआम गंभीर आरोप लगा रहे हैं।
बोले- उत्तर प्रदेश को सरकार लूट रही है
अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार उत्तर प्रदेश को लूट रही है। ऐसा कोई जिला नहीं बचा जहां बीजेपी ने लूटपाट न की हो। अयोध्या में भी बीजेपी नेताओं ने सबसे ज्यादा जमीनें कब्जा की हैं। बीजेपी के नेता अब भू-माफिया बन चुके हैं।
यूपी में उन्हीं को अच्छी पोस्टिंग जो सीएम के खास
लखनऊ में निलंबित आईएएस अधिकारी अभिषेक प्रकाश को लेकर अखिलेश ने कहा, ये अधिकारी भ्रष्टाचार कर फरार हो गया। लेकिन, खबरें हैं कि वह सीएम ऑफिस में ही छिपा बैठा है। उसके पास सैकड़ों बीघे जमीन और कई प्लॉट हैं। यूपी में अच्छी पोस्टिंग केवल उन्हीं को मिलती है, जो मुख्यमंत्री के खास होते हैं।
एनकाउंटर के बजाय पुलिसिंग दुरुस्त करे सरकार
अखिलेश ने उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर पॉलिसी पर भी सवाल उठाया। कहा- अगर एनकाउंटर से कानून-व्यवस्था सुधर सकती है, तो पहले हुए एनकाउंटर से हालात क्यों नहीं बदले? जब तक पुलिसिंग दुरुस्त नहीं होगी, कानून-व्यवस्था ठीक नहीं हो सकती। लेकिन सरकार इसे सुधारने के बजाय सिर्फ नारेबाजी कर रही है।

इतिहास हमने नहीं लिखा अखिलेश
रामजीलाल सुमन के बयान पर उठे विवाद पर अखिलेश ने बीजेपी को घेरा। उन्होंने कहा- इतिहास के पन्ने जब पलटे जाएंगे तो ये भी याद रहेगा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के तिलक को लेकर जो विवाद है, उसका सच क्या है? इतिहास हमने नहीं लिखा, यह 200-300 साल पहले लिखा गया है। अगर इतिहास गलत है तो उसे हटाइए, लेकिन सच्चाई को दबाने की कोशिश मत कीजिए।
BJP इतिहास न पलटे वर्ना सवाल खड़े होंगे’
अखिलेश ने बीजेपी को चेतावनी देते हुए कहा- अगर इतिहास के पन्ने पलटे गए, तो सवाल उठेगा कि आखिर छत्रपति शिवाजी को बाएं पैर के अंगूठे से तिलक किसने किया था? उन्होंने कहा कि सरकार में बैठे बड़े अधिकारी क्या कर रहे हैं, इस पर मीडिया को ज्यादा जानकारी है। कहा- BJP इतिहास न पलटे, वर्ना सवाल खड़े होंगे। उन्होंने पत्रकारों से भी सवाल किया कि क्या वे सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर करेंगे?

क्या BJP के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोलने की तैयारी में सपा?
अखिलेश यादव के इस बयान के बाद यह साफ हो गया है कि समाजवादी पार्टी बीजेपी के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाने वाली है। अब देखना यह है कि बीजेपी की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है।

