
उत्तरकाशी के धराली गांव में मंगलवार दोपहर 1.45 बजे बादल फटने से भारी तबाही मच गई। इसमें 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग लापता हैं।
प्रशासन का कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। SDRF, NDRF, ITBP और आर्मी की टीमें बचाव और रेस्क्यू के काम में जुटी हैं। अब तक 130 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू किया गया है।
खीर गंगा नदी में पहाड़ों से बहकर आए मलबे से धराली का बाजार, मकान और होटल बह गए। सिर्फ 34 सेकेंड में सब कुछ बर्बाद हो गया।
धराली के अलावा हर्षिल और सुक्की में बादल फटा है। हर्षिल इलाके में बादल फटने से सेना के 8 से 10 जवानों के लापता होने की खबर है।
बादल फटने और गांव में तबाही की 8 तस्वीरें








अब मैप से समझिए घटनास्थल को…
वीडियो में लोग जान बचाते दिखे, 30 फीट तक मलबा जमा
इस आपदा के कई वीडियो सामने आए। इनमें लोग जान बचाने के लिए यहां-वहां भागते नजर आए। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।
जो लोग इसके वीडियो बना रहे थे, वो लोगों से दूरी होने के बाद भी चिल्ला-चिल्लाकर बचने के लिए कह रहे थे। आपदा के बाद धराली में 30 फीट तक मलबा जम गया। बाजार की कई दुकानें और आसपास के मकान जमींदोज हो गए।
तबाही को पहले और अब की फोटोज से समझिए

धराली गंगोत्री धाम से 18 किमी दूर धराली गांव उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित एक छोटा पहाड़ी गांव है। यह गांव भागीरथी नदी के किनारे, हर्षिल घाटी के पास बसा हुआ है।
धराली गांव गंगोत्री यात्रा का एक प्रमुख पड़ाव है। गंगोत्री धाम से पहले यह अंतिम बड़ा गांव है, जहां से लोग आगे की कठिन चढ़ाई के लिए रुकते हैं। तीर्थयात्रियों को यहां रहने और खाने की सुविधा मिलती हैं। देहरादून से 218 किमी और गंगोत्री धाम से 18 किमी दूर है। अब तक यह सामने नहीं आया है कि आपदा के वक्त यहां कितने लोग मौजूद थे। प्रशासन का कहना है कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
उत्तराखंड के धराली में बादल फटने से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
अब तक 130 लोगों का रेस्क्यू किया गया
NDRF, SDRF के साथ सेना भी लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। अब तक 130 से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू किया गया है।
CM धामी बोले- आपदा प्रभावित इलाके में फोन, इंटरनेट और टावरों को नुकसान पहुंचा
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारी कोशिश है कि प्रभावित इलाके में सभी जरूरी सेवाएं जल्द से जल्द शुरू हों। बिजली विभाग और जल विद्युत निगम मिलकर काम कर रहे हैं। आज रात तक बिजली बहाल कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस आपदा में फोन, इंटरनेट और टावरों को नुकसान पहुंचा है, जिसे ठीक किया जा रहा है। सरकार प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है और उन्हें हर तरह की मदद दी जाएगी।
ITBP ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए 37 ग्रामीणों को सुरक्षित बचाया
ITBP (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) ने अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर 22 पुरुष, 11 महिलाएं और 4 बच्चों समेत कुल 37 ग्रामीणों को सुरक्षित बचाया।
सभी को आईटीबीपी के कोपांग बॉर्डर पोस्ट तक सुरक्षित पहुंचाया गया है। वहां उन्हें प्राथमिक इलाज (फर्स्ट एड) भी दिया गया। ITBP की टीम लगातार राहत कार्य में जुटी हुई है।
रेस्क्यू ऑपरेशन की 2 तस्वीरें…


चमोली में सड़क बही, नीती बॉर्डर हाईवे बंद
चमोली के नीती बॉर्डर हाईवे पर सलधार के पास सड़क बहने से हाईवे बंद हो गया।
धराली में कार नदी में सवारियों संग बह गई
धराली में एक कार तेज पानी के बहाव में बह गई। कार के अंदर कुछ लोग फंसे हुए थे।
इसका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि कार पानी के तेज बहाव में दूर तक बहती जा रही है। लोग डर के मारे चिल्ला रहे थे।
वायुसेना के हेलिकॉप्टर स्टैंडबाय पर, मौसम खुलने का इंतजार
वायुसेना ने रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए अपने हेलिकॉप्टर तैयार रखे हैं। चंडीगढ़ एयरबेस पर वायुसेना के चिनक, एमआई-17 वी5, चीता और एएलएच हेलिकॉप्टर स्टैंडबाय पर हैं।
अधिकारियों के अनुसार, ये हेलिकॉप्टर जरूरी उपकरण और सामग्री के साथ तैयार हैं और जैसे ही मौसम साफ होगा, उड़ान भरकर प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाई जाएगी।
हरिद्वार में मनसा देवी के पास रेलवे ट्रैक पर लैंडस्लाइड
हरिद्वार में मनसा देवी के पास रेलवे ट्रैक पर लैंडस्लाइड हुई। इससे दिल्ली, देहरादून रेलवे लाइन बंद होने की खबर है।
हर्षिल आर्मी केंप से 8 से 10 जवानों के लापता होने की खबर
उत्तरकाशी के हर्षिल इलाके में बादल फटने की घटना के बाद भारतीय सेना के 8 से 10 जवानों के लापता होने की खबर है। ये सभी जवान निचले हर्षिल क्षेत्र में स्थित एक कैंप से लापता हैं।
धराली हादसे को लेकर CM धामी ने बैठक की
धराली हादसे को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आपदा कंट्रोल रूम में अधिकारियों के साथ बैठक की। मौजूदा स्थिति का जायदा लिया।
प्रियंका गांधी बोलीं- कांग्रेस कार्यकर्ता रेस्क्यू में मदद करें

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने उत्तराखंड सरकार से अपील की, ‘राज्य सरकार पीड़ितों को तत्काल मदद, राहत व मुआवजा मुहैया कराए। कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं से आग्रह करती हूं कि राहत व बचाव कार्यों में यथासंभव मदद करें।
सेना के 100 जवानों की टीम घटनास्थल पर, 20 लोगों को बचाया

देहरादून में सेना के जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष श्रीवास्तव ने कहा कि हर्षिल में बादल फटने और सेना के कैंप में नुकसान को लेकर कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि धराली में बादल फटने के 15 मिनट के बाद सेना के करीब 100 जवानों की टीम रेस्क्यू करने पहुंच गई थी। फिलहाल 20 लोगों का रेस्क्यू किया गया है।
उत्तरकाशी SP ने कहा- लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचा रहे
उत्तरकाशी जिले की SP सरिता डोभाल ने बताया कि गांव के लोगों को उनके घरों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। राहत और बचाव कार्य में स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ, आईटीबीपी और सेना की राजपूत राइफल्स के जवान मौके पर मौजूद हैं।
SP ने बताया कि रास्ते में एक और भूस्खलन हो गया है, जिसकी वजह से हमारी कुछ टीमें रास्ते में फंसी हुई हैं। इसके बावजूद प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और बचाव कार्य जारी है।
धराली के पास सुखी टॉप में एक और बादल फटा
उत्तरकाशी प्रशासन ने बताया कि धराली के पास सुखी टॉप में एक और बादल फटा है। फिलहाल इस घटना को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
धराली की बाढ़ से हर्षिल हेलीपैड में पानी भरा
धराली के खीर गंगा में आई बाढ़ से हर्षिल हेलीपैड के क्षेत्र में जल भराव हो गया है। उत्तरकाशी के निचले हिस्सों में बाढ़ का खतरा बन सकता है।
SDRF कमांडेंट ने कहा- बारिश की वजह से रेस्क्यू में दिक्कत आ रही
भास्कर रिपोर्ट्स वैभव पलनीटकर ने धराली घटना को लेकर SDRF कमांडेंट अर्पण यदुवंशी से बातचीत की। उन्होंने बताया कि SDRF टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। लगातार बारिश हो रही है। इसकी वजह से रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है। बाढ़ के पानी के साथ काफी तादाद में मलबा आ गया है। भारतीय सेना, एसडीआरएफ, आईटीबीपी और पुलिस की टीमें साथ मिलकर समन्वय के साथ काम कर रही हैं।
SDRF कमांडेंट ने यह भी बताया कि धराली काफी भूगर्भीय चुनौती वाली जगह है। वहां राहत बचाव का काम करना बहुत मुश्किल टास्क है। मौसम अभी सबसे बड़ी चुनौती हुआ है, लगातार बारिश हो रही है। रात में बहुत ठंड हो जाती है। इसकी वजह से रेस्क्यू चुनौतीपूर्ण है।
VIDEO: जान बचाने के लिए भागते दिखे लोग
PM मोदी बोले- सीएम धामी से हालात की जानकारी ली

धराली के हादसे को लेकर पीएम मोदी ने उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी से बात की है। उन्होंने X पर लिखा- उत्तरकाशी के धराली में हुई इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जी से बात कर मैंने हालात की जानकारी ली है। राज्य सरकार की निगरानी में राहत और बचाव की टीमें हरसंभव प्रयास में जुटी हैं।
गंगोत्री धाम से 18 km दूर है धराली
धराली उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में एक छोटा सा गांव है, जो गंगोत्री के पास हर्षिल एरिया से सिर्फ 2 किमी आगे ही है। यहां से गंगोत्री धाम 18 किलोमीटर दूर है।
चारधाम यात्रा मार्ग पर पड़ने की वजह से धराली में बहुत सारे होटल, रेस्टोरेंट और होमस्टे हैं। इसकी वजह से बाढ़ में कई लोगों की मौत होने की आशंका है।
धराली गंगा नदी के तट पर बसा हुआ है। यह समुद्र तल से लगभग 2,700 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और हिमालय की गोद में बसा होने के कारण यह पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के लिए आकर्षक स्थल है।
धराली को मां गंगा का मायका (मुखबा) के रूप में भी जाना जाता है, क्योंकि गंगोत्री मंदिर सर्दियों में बंद होने पर मां गंगा की मूर्ति को मुखबा गांव में लाया जाता है, जो धराली के पास है।
बचाव टीम ने कई लोगों को रेस्क्यू किया, देखें फोटोज


प्रमुख सचिव ने कहा- नुकसान का आकलन कर रहे हैं
उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव आरके सुधांशु ने कहा कि जिला मजिस्ट्रेट और एसपी दोनों घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। जान-माल के नुकसान की आशंका है। हमने एसडीआरएफ के साथ-साथ एनडीआरएफ को भी भेजा है। हम पहले आकलन कर रहे हैं, और जैसे ही हमें नुकसान का स्तर पता चलेगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
गढ़वाल मंडल के कमिश्नर ने कहा- बड़ा नुकसान
उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना पर गढ़वाल मंडल के कमिश्नर विनय शंकर पांडे ने बताया, काफी संपत्ति का नुकसान हुआ है। हताहतों के बारे में अभी कुछ कहना संभव नहीं है। हमारी सेना की टीम, जो हर्षिल में है, मौके पर पहुंच गई है। साथ ही जिलाधिकारी, एसएसपी भी वहां पहुंच रहे हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ को भी वहां भेजा गया है। पहली प्राथमिकता लोगों को बचाना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम सक्रिय कर दी गई है।
ITBP ने 16 सदस्यीय टीम घटनास्थल पर भेजी
SDRF के आईजी ने कहा- कई टीमें घटनास्थल पहुंच रहीं
एसडीआरएफ के आईजी अरुण मोहन जोशी ने कहा, ‘जैसे ही हमें घटना की जानकारी मिली, हमारी टीम मौके पर पहुंच गई। दो अन्य टीमें भी जल्द ही पहुंचने वाली हैं। राहत और बचाव कार्य समन्वय के साथ किया जा रहा है। आसपास की NDRF और सेना की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच रही हैं। हमारे SDRF बटालियन मुख्यालय से विशेष उपकरण भेजे जा रहे हैं, जो इस आपदा में उपयोगी हो सकते हैं।’
गृह मंत्री शाह ने सीएम धामी से बात की, हालात जानें
धराली में बादल फटने के 3 वीडियो
उत्तराखंड के धराली में बादल फटने से गांव बहा
उत्तराखंड में पिछले 2 दिनों से भारी बारिश जारी है। मंगलवार को उत्तरकाशी जिले के धराली में खीर गंगा में बादल फटने से पूरा गांव बाढ़ और मलबे की चपेट में आ गया।
मध्य प्रदेश में बाढ़ से बीते 2 महीने में 275 मौतें
मध्यप्रदेश की बात करें तो बाढ़ के दौरान हुए हादसों में 275 लोगों की जान जा चुकी है। मानसून की आमद के बाद से जून और जुलाई के ये आंकड़े सरकार ने खुद विधानसभा में बताए हैं। 1657 पशुओं की भी मौत हुई है।
बारिश के चलते ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण (RRDA) की 254 से अधिक सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। 293 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए जबकि 3 हजार 687 मकानों में आंशिक नुकसान हुआ है। कुल 3980 मकानों को नुकसान पहुंचा है।
पटना के फतुहा में भी श्मशान घाट में भरा पानी
पटना के फतुहा में गंगा का पानी श्मशान घाट पर चढ़ गया। यहां 4 जिले पटना, नवादा, गयाजी, जहानाबाद के लोग अंतिम संस्कार के लिए लाश जलाने आते है। हालांकि, घाट पर गंगा का पानी आने से लोग सड़क किनारे लाश जलाने को मजबूर हैं।
UP: देश की सबसे बड़ी कृत्रिम झील ओवरफ्लो, 7 गेट खोले
सोनभद्र में भारत की सबसे बड़ी कृत्रिम झील रिहंद बांध के सात फाटक खोल दिए गए हैं। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश शर्मा ने बताया- सोमवार को बांध का जलस्तर 869.1 फीट पहुंचने पर पहला फाटक खोला गया।
जलस्तर में कमी न आने के कारण शाम 6:30 बजे तक दो बार में पांच फाटक खोल दिए गए। इसके बावजूद जलस्तर में कमी नहीं आई। रात्रि 11 बजे दो और फाटक 16 फीट तक खोलने पड़े।
वाराणसी में 53 गांव और 24 वार्ड बाढ़ की चपेट में, 5 तस्वीरें
बाढ़ राहत पर सरकार की तरफ से जानकारी देते हुए प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया- गंगा और उसकी सहायक नदियों के जलस्तर के बढ़ने से 53 गांव और 24 वार्ड वाराणसी में प्रभावित हैं। करीब 2100 परिवारों के 12 हजार लोगों को बाढ़ राहत शिविर केंद्रों में भेजा गया है। वाराणसी में कुल 46 बाढ़ राहत शिविर केंद्र बनाए गए हैं। कम्युनिटी किचन के माध्यम से सुबह का नाश्ता, दोपहर का खाना और रात का भोजन दिया जा रहा है।





UP: बलिया में 24 गांवों में घुसा गंगा का पानी
बलिया में गंगा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इससे दो दर्जन से अधिक गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। अब तक 41 कच्चे-पक्के मकान नदी में समाहित हो चुके हैं। अभी नदी का जलस्तर 59.81 मीटर है। यहां खतरे का निशान 57.615 मीटर है।
वाराणसी में अस्सी घाट की दुकानें डूबी
वाराणसी के अस्सी घाट के आसपास की दुकानें आधी से ज्यादा डूब गई हैं। सुबह ए बनारस मंच की बने मंडपम और यज्ञशाला 90% डूब गया है। यहां रोज चलने वाली 3 हजार नावें पिछले 1 माह से बंद पड़ी हैं।
झारखंड: आज सभी जिलों में बारिश की संभावना, बिजली गिरने का अलर्ट; 8 अगस्त तक यलो अलर्ट

झारखंड में मंगलवार को रांची समेत कई जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। 6 अगस्त को पूरे राज्य में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने 7 और 8 अगस्त को भारी बारिश के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है।
छत्तीसगढ़: 5 दिन आंधी-तूफान का अलर्ट, रायपुर-सूरजपुर समेत 17 जिलों में बिजली का अलर्ट

छत्तीसगढ़ के सुकमा, बस्तर, बीजापुर, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, रायपुर सहित 17 जिलों में मंगलवार को आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट है। यह चेतावनी अगले 5 दिनों तक के लिए जारी की गई है। 6 अगस्त से पूरे राज्य में बारिश हो सकती है। पिछले 48 घंटों में दुर्ग, रायपुर और बस्तर संभाग के कुछ जगहों हल्की से मध्यम बारिश हुई है।
पंजाब: 4 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, तेज हवाएं चलेंगी, डैमों का जलस्तर बढ़ा

पंजाब के 4 जिलों में मंगलवार को भारी बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। बाकी जिलों में कल तक हल्की या सामान्य बारिश के आसार हैं। सोमवार को शाम तक कहीं-कहीं छिटपुट बारिश हुई और कई जगहों पर हल्के बादल छाए रहे, जिससे मौसम में थोड़ा बदलाव देखा गया। राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन 0.6 डिग्री की गिरावट आई है।
हरियाणा: आज 15 जिलों में बारिश का अलर्ट, यमुनानगर और जींद में सबसे ज्यादा बरसात की संभावना

हरियाणा में मौसम विभाग ने मंगलवार को 15 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, इस मानसून सीजन राज्य में अब तक सामान्य से 22% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। 4 अगस्त तक औसतन 227.5mm बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन 277.3mm बारिश हो चुकी है। सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में 557.5mm और महेंद्रगढ़ में 543.9mm बारिश दर्ज की गई है।
हिमाचल प्रदेश: 3 जिलों में बारिश का अलर्ट, अगले 4 दिन बरसेंगे बादल, इस मानसून सीजन 192 की मौत

हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में सोमवार रात से बारिश हो रही है। मंगलवार को भी बारिश जारी रहने का पूर्वानुमान है। पंजाब से सटे ऊना, बिलासपुर और कांगड़ा जिले के कई इलाकों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 8 अगस्त तक बारिश से राहत के आसार नहीं है। पूरे अगस्त महीने में सामान्य से ज्यादा बारिश का पूर्वानुमान है।
बिहार: 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, पूर्णिया में 38 साल का रिकॉर्ड टूटा; आरा में स्कूल बंद

बिहार में मानसून अब पूरी तरह एक्टिव हो गया है। बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को 17 जिलों में यलो अलर्ट, जबकि 2 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40km की रफ्तार से हवा चल सकती है। बिजली गिरने की भी आशंका है।
मध्य प्रदेश: इस सीजन 47% ज्यादा बारिश, आज ग्वालियर-मुरैना में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में इस मानसून सीजन में 28.6 इंच बारिश हो चुकी है। यह सामान्य से 47% बरसात है। मानसूनी बारिश ने 77% कोटा पूरा कर लिया है। अगस्त में बारिश का कोटा पूरा हो सकता है। हालांकि, अगले 4 दिन तक प्रदेश में भारी बारिश की संभावना नहीं है। हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा
राजस्थान: 7 अगस्त से फिर एक्टिव होगा मानसून, बनास नदी में 2 शव मिले

राजस्थान में मानसून सुस्त होने से उमस भरी गर्मी फिर से बढ़ गई है। हालांकि, दो दिन बाद फिर से मानसून एक्टिव हो सकता है। सोमवार को सीएम भजनलाल शर्मा ने सवाई माधोपुर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। टोंक में रविवार को बनास नदी में डूबे युवक और बुजुर्ग के शव मिल गए हैं।
5 अगस्त को राज्यों में मौसम का हाल…
4 अगस्त को देश के प्रमुख शहरों में हुई बारिश के आंकड़े…

