
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक के पैर में गोली लगी। वहीं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए बदमाश पर एक दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। 31 अक्टूबर को चेन लूटने के बाद दोनों फरार चल रहे थे।


31 अक्टूबर और 2 नवंबर की रात की चेन स्नेचिंग
बदमाश की पहचान लखीमपुर के रहने वाले कुख्यात चेन स्नेचर शिवम गुप्ता के रूप में हुई। गोमतीनगर थाना पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर और 2 नवंबर की रात करीब 9 बजे दो अज्ञात बाइक सवारों ने अलग-अलग जगहों पर राज ठाकुर और संदीप कलवार से गले की चेन छीन ली थी।
दोनों वारदातों का समय और तरीका एक जैसा होने से पुलिस ने क्राइम और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया था। लगातार सीसीटीवी फुटेज की जांच और मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को पुलिस को जानकारी मिली कि वही बदमाश फिर से वारदात की फिराक में गोमतीनगर इलाके में घूम रहे हैं।
अंबेडकर उद्यान के पास घेरा
पुलिस ने चेकिंग के दौरान अंबेडकर उद्यान चौकी के पास एक बिना नंबर की पल्सर बाइक पर दो युवकों को रोकने की कोशिश की तो वे भागने लगे। पीछा किया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में लगी और वह गिर पड़ा।
पुलिस ने मौके से लूटी गई चेन, मोबाइल, नकद रुपए, एक तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फरार साथी की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं।

गैंगस्टर एक्ट समेत एक दर्जन मुकदमे
पुलिस जांच में सामने आया कि शिवम के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह कई जिलों में चेन और मोबाइल स्नेचिंग की वारदातों में शामिल रहा है।

