
बहराइच -चरदा अब्दुल्लागंज रेंज के क्षेत्र ग्राम पंचायत चैनेनी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब सुबह शौच के लिए गई एक महिला ने तेंदुए को देख लिया। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। इसी दौरान तेंदुआ गांव के पास स्थित आम के बाग की ओर बढ़ रहा था, तभी उसने दो ग्रामीणों राम धीरज और नेगी पर अचानक हमला कर दिया। हमले में दोनों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने शोर मचाया तो तेंदुआ मौके से जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरदा पहुंचाया गया, जहां पर चिकित्सक अधिकारी डॉ. महेश कुमार विश्वकर्मा ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग भी सक्रिय हो गया। अब्दुल्लागंज रेंज के रेंज अधिकारी पंकज साहू ने बताया कि मौके का निरीक्षण किया गया है हिंसक जानवर जंगल की ओर चला गया है। एहतियातन क्षेत्र में वन स्टाफ की तैनाती कर दी गई है और लगातार निगरानी की जा रही है। और पास के गांव में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है ग्रामीणों को शाम से सुबह तक घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।

