
लखनऊ के कैंट इलाके के प्राइवेट स्कूल के पांचवीं के छात्रों ने अपने सहपाठी को बुरी तरह पीट दिया। पिटाई से छात्र की आंख की रोशनी चली गई। पीड़ित छात्र की मां ने सहपाठियों और स्कूल के स्टाफ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच कर रही है।
निर्भय विहार तोपखाना मार्केट निवासी महिला ने बताया कि उनका बच्चा आर्मी पब्लिक स्कूल नम्बर 3 में क्लास 5(A) में पढ़ाई करता है। 21 जनवरी को दोपहर करीब 12.30 बजे स्कूल के ग्राउंड में साथ पढ़ने वाले दूसरे सेक्शन के छात्रों ने बेटे की बुरी तरह पिटाई कर दी। उनके बेटे को ग्राउंड में गिराकर लात घूंसों से जमकर मारा।
बच्चा अब देख नहीं पा रहा है
इस दौरान गिराकर आंख और चेहरे पर जूते की हील से रगड़ दिया। जिससे आंख की रोशनी चली गई। बच्चा अब देख नहीं पा रहा है।
जिसका कामण्ड अस्पताल में इलाज चल रहा है। महिला का आरोप है कि स्कूल प्रशासन से शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तब थाने में जाकर आरोपी छात्रों और स्कूल के स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
मामले में एसओ कैंट गुरप्रीत कौर ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।

