
यूपी विधानसभा में आज बजट सत्र का 7वां दिन है। नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा- थानेदार तक हमारा फोन तक नहीं उठाते। आपने कई बार आदेश दिया लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ा। एक बार फिर सदन पुलिस अधिकारियों को आदेश करे कि जनप्रतिनिधियों का फोन उठाएं।
इस पर मंत्री असीम अरुण ने जवाब दिया। कहा- ऐसा हो सकता है कि कुछ अधिकारी बदतमीज हों। लेकिन कई बार अधिकारी बीमार हो सकता है, छुट्टी पर हो सकता है इसलिए फोन नहीं उठा रहा होता।
रागिनी सोनकर ने व्यंग्य सुनाकर इंटर कॉलेजों में विज्ञान संकाय की बदहाली का मुद्दा उठाया तो माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने शायरी सुनाकर उनको जवाब दिया। विधायक अतुल प्रधान ने जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख चुनाव सीधे जनता से कराने की मांग की।
सपा विधायक संदीप सिंह पटेल ने कहा-जिस प्राइमरी स्कूल से पढ़कर लोग आईएएस पीसीएस बनते थे, उसकी स्थिति खराब हो गई। टीचर पढ़ाए कैसे, उससे तो कभी एसआईआर का काम करवाया जा रहा तो कभी कुत्तों की गिनती में लगा दिया जा रहा।
विधायक पल्लवी पटेल ने विश्वविद्यालय में कार्यरत प्रोफेसर्स को चिकित्सा अवकाश नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। इस पर उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि जिस तरह विवि और कॉलेजों में रिटायरमेंट की आयु अलग-अलग है, उसी तरह अवकाश की अवधि और नियम भी अलग-अलग होते हैं।
उधर, विधान परिषद में एक घंटे का प्रश्नकाल महज 11 मिनट में खत्म हुआ। विपक्ष की ओर से महज 3 सवाल पूछे गए। सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने 2 और निर्दल गुट के राजबहादुर चंदेल ने एक सवाल पूछे। भाजपा एमएलसी हरि सिंह ढिल्लों ने कहा विपक्ष भी सरकार के कार्यो से संतुष्ट है।



मंगलवार को विधानसभा और विधान परिषद में क्या-क्या हुआ? जानने के लिए ब्लॉग से गुजर
मंत्री असीम अरुण ने कहा- फोन न उठाने वाले कुछ अधिकारी बदतमीज हो सकते…
नेताओं के फोन न उठाने के मामले पर मंत्री असीम अरुण ने कहा- कई बार अधिकारी बीमार हो सकता है, छुट्टी पर हो सकता है इसलिए फोन नहीं उठा रहा। लेकिन ऐसा भी हो सकता है कि कुछ अधिकारी बदतमीज हों इसलिए हम चाहते हैं कि एक जिले स्तर पर और एक राज्य के स्तर पर ऐसा नंबर बनाया जाए जिससे उसके पास फोन जाए कि आप फोन क्यों नहीं उठा रहे। ऐसा होने के बाद ही व्यवस्था में सुधार होगा।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा-थानेदार फोन नहीं उठाते, सदन आदेश करे
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने कहा- कार्यपालिका विधायकों की बात नहीं मानती, आपने कई बार आदेश दिया कि फोन उठा लिया करिए, लेकिन पुलिस के लोग कई बार फोन नहीं उठाते। हम कई बार फोन करते हैं। थानेदार फोन ही नहीं उठाता। एसपी तो एक बार उठा लेता है। हम चाहते हैं कि सदन से आदेश दिया जाए ताकि उसका पालन हो।
12:15 PM17 फ़रवरी 2026संग्राम सिंह यादव ने कहा- कानून व्यवस्था खराब क्योंकि पूरी व्यवस्था पुलिस के हवाले
सपा विधायक संग्राम सिंह यादव ने इलाहाबाद हाईकोर्ट की उस टिप्पणी को चर्चा करते हुए कहा- यूपी में कानून व्यवस्था खराब है, एनकाउंटर पर सवाल किया गया। अयोध्या में मोईद खान की बेकरी और मार्केट गिराने की बात की। एनसीआरबी ने 2023 तक आंकड़ा दिया, इसके बाद के सालों का कोई आंकड़ा जारी नहीं की। मैं सवाल पूछता हूं कि पूरी व्यवस्था आपने पुलिस व्यवस्था के हवाले कर दिया, क्या कोई व्यवस्था बनेगी, जिससे आपकी जीरो टॉलरेंस की नीति प्रभावी ढंग से लागू हो पाएगी।
सपा विधायक बोले- जिला पंचायत अध्यक्ष, प्रमुख चुनाव सीधे जनता से कराई जाए
सपा विधायक अतुल प्रधान ने जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव सीधे जनता से कराने का मुद्दा उठाया। जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में धनबल और बाहुबल का उपयोग होता है यह चुनाव सीधे जनता से होना चाहिए।
मंत्री राजभर ने कहा-विधायक की चिंता से हम भी चिंतित है। दो बार सीधे चुनाव कराने के लिए पत्र लिखा। केन्द्रीय मंत्री से भी मिले लेकिन केंद्र सरकार के जब एक्ट में संशोधन होगा तब ही सीधे चुनाव हो सकेगा।
12:08 PM17 फ़रवरी 2026सपा को बिजली नहीं राम के नाम से दिक्कत- मंत्री एके शर्मा
बिजली मंत्री एके शर्मा बोले-सपा की समस्या ही यही है। हम चीज़ों के साथ साथ भगवान का नाम भी साथ में रखते हैं। इनको भी भगवान का नाम लेना चाहिए। लेकिन सपा के लोगों को राम के नाम से दिक्कत है। बिजली की मैक्सिमम डिमांड थी उसके दो गुनी डिमांड 31000 मेगावाट की थी। 2017 में कुल उपभोक्ता 1.90 करोड़ थे आज 3.72 करोड़ उपभोक्ता हैं।
12:03 PM17 फ़रवरी 2026आशुतोष सिन्हा बोले- बिजली मंत्री से विभाग नहीं संभल रहा
आशुतोष सिन्हा ने कहा जितना ज़रूरी रोटी कपड़ा और मकान है उतनी ही ज़रूरी बिजली भी है। प्रीपेड मीटर से बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। रिचार्ज करने पर बैलेंस जीरो हो गया। मंत्री जी से विभाग संभल नहीं रहा है। या अधिकारियों को कहीं और से कमांड मिल रहा है।
स्पीकर ने सपा विधायक से पूछा-तुम्हारी जमीन भी वक्फ में है क्या, क्यों खड़े हुए?
सपा विधायक कमाल अख्तर और नफीस अहमद ने वक्फ बोर्ड को लेकर सवाल किया। जिसका जवाब मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने जवाब दिया। जवाब से असंतुष्ट होकर सपा विधायक खड़े हो गए। विधानसभा स्पीकर सतीश महाना ने कहा- अतुल तुम क्यों खड़े हो गए, तुम्हारी भी जमीन वक्फ में है क्या? सारे विधायक हंसने लगे।
11:54 AM17 फ़रवरी 2026रागिनी सोनकर के व्यंग्य पर मंत्री गुलाब देवी का शायराना जवाब
सपा विधायक रागिनी सोनकर ने व्यंग सुनाकर सरकारी और एडेड इंटर कॉलेज में विज्ञान संकाय की सुविधा नही होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा-श्रीरामचंद्र कह गए सिया से ऐसा कलयुग आएगा, मेरे नाम से सत्ता पाकर सबको सबको आंख दिखाएगा। धर्मों पर लड़वाएगा और जाति पर बंटवाएगा। गरीबों के शिक्षा को रौंदा जाएगा। पूछा-हमारे बच्चों को शिक्षा क्यों नहीं दे पा रही है यह सरकार…रामराज की बात तो करती है।
माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने भी शायराना अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा- जान कर भी अनजान बने ये और बात है, ऐसा नहीं कि इन्हें कुछ मालूम न हो। इसके बाद उन्होंने आंकड़े दिए। उन्होंने कहा-विधायक इतनी चिंतित है कि इन्हें राम का उदाहरण देना पड़ा
11:37 AM17 फ़रवरी 2026प्राइवेट स्कूलों की मनमानी रोकने के लिए सरकार ने एक्ट बनाया है- शिक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने जवाब देते हुए कहा- प्राइवेट स्कूलों में पुस्तकों के शुल्क, ड्रेस के शुल्क या फिर फीस ज्यादा लेने की बात हो तो हमने फीस रेगुलेशन एक्ट बनाया है, डीएम इसके प्रमुख हैं, जहां से शिकायत मिलती है वहां कार्रवाई करते हैं, नोएडा, संभल से शिकायत मिली थी, उसके बाद एक्शन लिया गया।
सपा विधायक बोले- सरकारी स्कूलों में पढ़ाई कैसे हो, टीचर तो कुत्तो की गिनती में लगा दिए जा रहे
प्रयागराज के सपा विधायक संदीप सिंह ने बेसिक शिक्षा से जुड़ा सवाल किया। जिस प्राइमरी स्कूल से निकलकर लोग आईएएस पीसीएस बनता था, उसकी स्थिति खराब हो गई। सरकार ढिंढोरा पीटती है कि हम खाना देते हैं, ड्रेस देते हैं। लेकिन कोई पढ़ने नहीं जाता। वजह यह है कि जो टीचर हैं उनसे भी एसआईआर का काम करवाते हैं, कभी कुत्तों की गिनती में लगा देते हैं। इसी कारण प्राइवेट स्कूल फल-फूल रहे हैं। आपने कह दिया कि हम योग्यता के आधार पर नियुक्त करते हैं, तो फिर बताएं कि प्राइवेट स्कूलों में योग्यता की जांच कितनी करवाई। कितने के खिलाफ कार्रवाई की।
11:34 AM17 फ़रवरी 2026गुड्डू जमाली ने कहा-स्मार्ट मीटर के ओवर रीडिंग से लोग हैं परेशान
गुड्डू जमाली ने कहा की बिजली मंत्री आप से उम्मीद ज़्यादा है, क्यूंकि आप के पास प्रशासनिक अनुभव है और लंबा करियर है। स्मार्ट मीटर की वजह से ओवर रीडिंग की समस्या है, आधे से ज़्यादा उपभोक्ता असंतुष्ट हैं।10000 से अधिक एप्लीकेशन लंबित है।
11:29 AM17 फ़रवरी 2026कांग्रेस के विधानसभा घेराव पर राजभर बोले- लोकतंत्र में सबको प्रदर्शन का हक
सत्र शुरू होने के पहले ओम प्रकाश राजभर ने कांग्रेस के विधानसभा घेरने के ऐलान पर कहा- “यह लोकतंत्र है। कोई भी कानून के दायरे में प्रदर्शन कर सकता है; कोई समस्या नहीं है… उन्हें पहले MGNREGA और VB-G-RAM G बिल की तुलना करनी चाहिए। MGNREGA में समय पर मज़दूरी नहीं दी जाती थी, जबकि VB-G-RAM-G बिल में संशोधन है कि अगर मज़दूरों को एक हफ़्ते के अंदर मज़दूरी नहीं मिलती है, तो उन्हें ब्याज़ दिया जाएगा। इसमें मज़दूरी के दिनों की संख्या भी बढ़ाई गई है।”
मंत्री बोले- टेट की अनिवार्यता पर सरकार रिव्यू कर रही
शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा- टेट की अनिवार्यता को लेकर जो जजमेंट है, वह पूरे देश के लिए लागू है। यूपी सरकार इसके लिए रिव्यू में चली गई है। किसी भी स्कूल को बंद करने का निर्णय कभी नहीं लिया गया। एक भी स्कूल को बंद नहीं किया गया है। शिक्षा मित्र और अनुदेशकों का योगदान महत्वपूर्ण है। हमने शिक्षा मित्रों को मनचाही पोस्टिंग की व्यवस्था की। सीएम द्वारा विचार किया जा रहा, जल्द इस पर फैसला होगा।
11:23 AM17 फ़रवरी 2026अनिल प्रधान ने पूछा- जो टेट पास नहीं उनके लिए क्या सरकार कुछ करेगी?
चित्रकूट के सपा विधायक अनिल प्रधान ने प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती से जुड़ा सवाल पूछा। उन्होंने कहा कि मंत्री जी हर बार कहते हैं कि शिक्षक-छात्र अनुपात बराबर है। जो शिक्षकों के पद खाली हैं उसे भरने को लेकर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। स्कूल बंद हो रहे और मधुशाला खोजी जा रही। इस वक्त 25 लाख से ज्यादा युवा भर्ती का इंतजार कर रहे। जो शिक्षक टेट पास नहीं हैं, उनके लिए क्या कुछ किया जाएगा। अनुदेशक-शिक्षकों के मानदेय को 30 हजार करने की क्या व्यवस्था है?
11:22 AM17 फ़रवरी 2026पल्लवी के सवाल पर शिक्षा मंत्री बोले- विवि और कॉलेज में अवकाश में अंतर होते
सपा विधायक पल्लवी पटेल ने शिक्षकों से जुड़ा सवाल किया। उन्होंने कहा- यूनिवर्सिटी और कॉलेज में तैनात शिक्षकों के चिकित्सकीय अवकाश से जुड़े सवाल पूछा था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। मेरा फिर से सवाल है, जो मेडिकल लीव्स में यूनिवर्सिटी और राजकीय कॉलेज में विसंगतियां हैं उसे लेकर क्या सरकार यूजीसी को कोई प्रस्ताव भेजेगी।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा, कोई भी संस्था नियम से चलती है। विश्व विद्यालयों को कई सुविधाएं मिलती हैं जो महाविद्यालयों को नहीं मिलती। विश्वविद्यालय के टीचर 62 साल की उम्र में रिटायर होते हैं, महाविद्यालय वाले 60 साल की उम्र में रिटायर होते हैं। अवकाश में भी अंतर है। चिकित्सकीय प्रमाण पत्र के मुताबिक महाविद्यालयों के टीचर को 1 साल का अवकाश मिलता है।
शिवपाल बोले-फार्म 7 भाजपा के लोग बांट रहे
SIR में खामियों को लेकर सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा, “फॉर्म 7 को भाजपा के लोग ही बांट रहे हैं… यह सरकार करा रही है। जहां-जहां BLO ठीक काम कर रहे हैं वहां BLO को हटाया जा रहा है, भाजपा के लोग उन्हें धमका रहे हैं। थाने में FIR नहीं लिखी जा रही, यह सरकार करा रही है। भाजपा की आंखों में धूल जमी हुई है, अगर कहीं सबसे अच्छा काम हुआ है तो JPNIC और रिवर फ्रंट का काम हुआ है।
#WATCH | लखनऊ: समाजवादी पार्टी नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा, “फॉर्म 7 को भाजपा के लोग ही बांट रहे हैं… यह सरकार करा रही है। जहां-जहां BLO ठीक काम कर रहे हैं वहां BLO को हटाया जा रहा है, भाजपा के लोग उन्हें धमका रहे हैं। थाने में FIR नहीं लिखी जा रही, यह सरकार करा रही है…… pic.twitter.com/4oqQSAtTnF— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 17, 2026

