हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत भाजपा की विराट तिरंगा यात्रा संपन्न

हजारों कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने हाथों में तिरंगा लेकर दिया राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश
रायबरेली रविन्द्रनामा ब्यूरो।
भारतीय जनता पार्टी रायबरेली द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आज भव्य एवं विराट तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा भीमराव अंबेडकर चौराहा, हाथी पार्क के पास से प्रारंभ होकर शहीद चौक, डिग्री कॉलेज तक सम्पन्न हुई। यात्रा में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं तथा आमजन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा की मुख्य अतिथि मा० अध्यक्ष उ०प्र० महिला कल्याण निगम (राज्यमंत्री स्तर प्राप्त) कमलावती सिंह रहीं, जबकि युवा मोर्चा के प्रवासी के रूप में अमन सिंह चौहान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धि लाल पासी ने किया।यात्रा के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों एवं राष्ट्रध्वज के रंगों से सराबोर नजर आया। कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने उत्साह के साथ भारत माता की जय, वंदे मातरम् तथा राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कमलावती सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धा पूर्वक स्मरण करने के साथ-साथ युवाओं की शक्ति को राष्ट्र शक्ति बनाने का संकल्प भी है। उन्होंने कहा कि देश को वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धि लाल पासी ने तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ताओं, महिला मोर्चा की पदाधिकारियों, आमजन एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश की पहचान ही नहीं, बल्कि त्याग, बलिदान, साहस, शांति और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने सभी जनपद वासियों से 15 अगस्त के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन के साथ जनपद में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी एवं राष्ट्रभक्ति के उत्सव के रूप में आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।














Leave a Reply