Uplive News

UPLive News is a trusted Hindi digital news platform delivering fast, accurate, and unbiased coverage of breaking news, politics, business, sports, entertainment, technology, lifestyle, education, and local updates from Uttar Pradesh, India, and around the world. Our mission is to provide factual journalism through text, photos, and videos while keeping readers informed with reliable and timely news.

अंतराष्ट्रीय

अयोध्या में गन्ना कटाई विवाद लखीमपुर खीरी के 4 युवक घायल पुलिस ने 9 लोगों को हिरासत में लिया

By admin · November 17, 2025 · 1 min read

अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र में गन्ना कटाई को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। रौनाही के बरई कला गांव में सोमवार को लखीमपुर खीरी से आए मजदूरों पर दबंगों ने हमला कर दिया। इस मारपीट में चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर नौ लोगों को हिरासत में लिया है।

मामले की शुरुआत तब हुई जब मजदूर एक स्थानीय किसान के खेत में गन्ना छील रहे थे। तभी गांव के कुछ दबंग वहां आ पहुंचे और मजदूरों को जबरन अपने खेत में काम करने के लिए ले जाने की कोशिश करने लगे। मजदूरों ने इसका विरोध किया तो दबंगों ने हॉकी और डंडों से उन पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे किसान को भी पीटा गया। घटना से ग्रामीण क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

मारपीट में घायल चार मजदूरों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया जा रहा है। इसी बीच घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग मजदूरों को डंडों से पीटते और गाली-गलौज करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की सक्रियता और बढ़ गई है।

पीड़ित मजदूरों ने अपनी तहरीर में विजय यादव सहित चार स्थानीय दबंगों के नाम दर्ज कराए हैं। आरोपियों पर मजदूरों को जबरन काम पर ले जाने का प्रयास, मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप है।

रौनाही थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार सिंह ने बताया-दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। नौ लोगों को हिरासत में लेकर पाबंद करने की कार्रवाई की गई है। आगे की जांच जारी है। पुलिस क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

और खबरें