मथुरा, 3 सितंबर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज ब्रज क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। दो दिवसीय मथुरा प्रवास…
मथुरा, 3 सितंबर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज ब्रज क्षेत्र को विकास की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। दो दिवसीय मथुरा प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री करीब 1051 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 540 करोड़ रुपये से अधिक की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण और 437 करोड़ रुपये से अधिक की 167 नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री इस दौरान पीएम आवास योजना (शहरी) और सीएम आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों को 72 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि वितरित करेंगे। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को ट्रैक्टर की चाबी, चेक और प्रमाण पत्र भी सौंपेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज वृंदावन में नवनिर्मित और अत्याधुनिक श्री स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह का लोकार्पण करेंगे। प्रेक्षागृह में करीब एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री प्रो-पुअर प्रदर्शनी का अवलोकन, वृक्षारोपण और संतों से मुलाकात भी करेंगे। सीएम योगी बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराने के साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और चेक वितरित करेंगे। इसके बाद वे जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कार्यों और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी करेंगे। इसके बाद वे वृंदावन में विकसित किए गए ‘कान्हा भक्ति स्तम्भ मार्ग’ का भ्रमण और अवलोकन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री मथुरा स्थित पं. दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय पहुंचेंगे, जहां परिसर स्थित अशोका अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 4 सितंबर की सुबह श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे। यहां वे सबसे पहले गो पूजन करेंगे। इसके बाद मुख्य मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री मथुरा से प्रस्थान करेंगे।मुख्यमंत्री के जन्माष्टमी पर मथुरा आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जन्माष्टमी के अवसर पर ब्रज में धार्मिक आयोजनों के साथ विकास परियोजनाओं की सौगात से क्षेत्र में पर्यटन, धार्मिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे को नई गति मिलने की उम्मीद है।
div
Source: Filmitics

