बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह की राजनीति में एंट्री के संकेत, कहा- नेतृत्व कहेगा तो चुनाव लड़ने को तैयार
उत्तर प्रदेश की कैसरगंज लोकसभा सीट से बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह ने सक्रिय राजनीति में कदम रखने के संकेत दिए हैं, बुलंदशहर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शालिनी सिंह ने कहा कि अगर किसी राजनीतिक दल का शीर्ष नेतृत्व उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहता है, तो वह चुनावी मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं, उनके इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सोमवार को बुलंदशहर में आयोजित कार्यक्रम में शालिनी सिंह ने राजनीति में अपनी संभावित एंट्री को लेकर खुलकर बात की, उन्होंने कहा कि राजनीतिक पहचान केवल किसी पार्टी या चुनावी टिकट से नहीं बनती, बल्कि सही नेतृत्व और जनता के लिए किए गए कामों से बनती है, उन्होंने कहा कि यदि किसी पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उन्हें चुनाव लड़ने का अवसर देता है, तो वह चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं, उनके इस बयान को सक्रिय राजनीति में उतरने की दिशा में एक अहम संकेत माना जा रहा है।
शालिनी सिंह ने अपने सामाजिक कार्यों का भी जिक्र किया, उन्होंने बताया कि वह पिछले करीब 15 वर्षों से नोएडा में सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कार्यों में सक्रिय रही हैं और अब भारतीय राजनीति में अपनी भूमिका निभाना चाहती हैं, उन्होंने कहा कि वह किसी एक पार्टी या विपक्ष की राजनीति तक खुद को सीमित नहीं मानतीं, बल्कि जनता और समाज से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने में विश्वास रखती हैं, उनका कहना है कि जब भी समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे सामने आते हैं, वह उन पर अपनी राय रखने से पीछे नहीं हटतीं।
शालिनी सिंह राजनीतिक रूप से प्रभावशाली परिवार से आती हैं, उनके पिता बृजभूषण शरण सिंह कैसरगंज लोकसभा सीट से छह बार सांसद रह चुके हैं, परिवार के अन्य सदस्य भी राजनीति में सक्रिय हैं, उनके भाई प्रतीक भूषण सिंह गोंडा सदर विधानसभा सीट से विधायक हैं, जबकि उनके दूसरे भाई करण भूषण सिंह कैसरगंज लोकसभा सीट से सांसद हैं। उनकी मां केतकी देवी सिंह भी सांसद रह चुकी हैं, इस तरह शालिनी सिंह के परिवार की कई पीढ़ियां सक्रिय राजनीति से जुड़ी रही हैं।
शालिनी सिंह का ससुराल पक्ष भी राजनीति से जुड़ा रहा है, उनकी शादी बिहार के आरा से पूर्व सांसद अजीत सिंह और पूर्व सांसद मीना सिंह के बेटे विशाल सिंह से हुई है, शालिनी अपने परिवार के साथ नोएडा में रहती हैं। इसके अलावा वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की महिला शाखा से भी जुड़ी होने की बात कही जाती है।
शालिनी सिंह के बयान के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि वह किस पार्टी के टिकट पर और किस सीट से चुनावी राजनीति में उतरेंगी, हालांकि उन्होंने अभी किसी सीट या राजनीतिक दल को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की है, फिलहाल उनके बयान ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा जरूर छेड़ दी है, आने वाले समय में उनका अगला राजनीतिक कदम क्या होगा, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।
div
Source: Filmitics

