
लखनऊ के इंदिरानगर इलाके में युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। आक्रोशित परिजनों ने कार्रवाई न होने तक शव को घर के पास रखकर प्रदर्शन किया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के उचित कार्रवाई करने के आश्वासन के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
हत्या का आरोप राज जायसवाल नाम के व्यक्ति पर है। मृतक के भाई ने बताया- आरोपी राज ने काम के लिए बुलाया और वहीं भाई को मार डाला। राज इलाके में अवैध खनन करता है। उसने पहले खुद को पत्रकार बताकर भ्रष्टाचार खत्म करने की बातें कीं। उसके बाद अब खुद अवैध खनन शुरू कर दिया।
जानिए कि राज पर ही हत्या का आरोप क्यों
इंदिरानगर के जरहरा निवासी सूरज यादव पुत्र झब्बू यादव ट्रैक्टर चलाता था। मृतक के भाई शोभित ने बताया मंगलवार रात करीब 8:30 बजे राज जायसवाल अपने साढ़ू के साथ घर आया। सूरज को काम से ले जाने की बात कहकर अपने साथ ले गया था। गांव में ही एक शादी थी।
इसलिए सूरज की पत्नी प्रियंका ने उसे काम पर जाने से मना किया। उसने कहा कि शादी में चलेंगे। लेकिन, भाई ने सोचा कुछ काम करके आएगा तो पैसे रहेंगे। देर रात वापस नहीं लौटा तो परिवार को लगा कि सुबह तक आ जाएगा। सुबह शव मिला। उसके शरीर पर मारपीट और ट्रैक्टर के पहिए के निशान थे। राज के साथ वह अक्सर खनन में ट्रैक्टर चलाने जाता था।
हत्या कर फेंका शव
सूरज राज के साथ पहले काम करता था। इसके पहले भी पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। जिसके बाद से सूरज ने उसके साथ जाना बंद कर दिया था। फिर बीच-बीच में साथ ले जाने लगा। मंगलवार को जब साथ ले गया तो हत्या होने का संदेह बिल्कुल नहीं हुआ। अगर कोई घटना हो भी गई थी तो अस्पताल पहुंचाया था। राज सड़क किनारे फेंककर फरार हो गया। उसका इरादा ही हत्या का था।
कौन है राज जायसवाल
राज जायसवाल करीब 5 साल पहले जरहरा में रहने आया था। खुद को पत्रकार बताकर एचएनएन न्यूज नाम से चैनल चलाता था। पहले तो मिट्टी खनन की खबर चलाकर सबका भरोसा जीता। बोलता था अवैध खनन से इलाके में काफी नुकसान होगा इसलिए सब बंद करवा देंगे।

कुछ समय बाद राज खुद ही मिट्टी खनन का काम करने लगा। इलाके के लोगों की ट्रैक्टर किराए पर ले रखा था। वहीं कुछ लड़कों के साथ एक टीम बनाकर अवैध खनन करता था। जिसमें सूरज को भी शामिल कर रखा था।
घटना के बाद परिवार घर बंद करके हुए फरार
राज जायसवाल परिवार को सूरज की मौत की खबर देने के बाद से गायब है। उसका परिवार भी घर में ताला लगाकर गायब हो गया है। ऐसे में पूरी उम्मीद है, कि हत्या करके बचने के लिए भागा है। पुलिस अगर समय से कार्रवाई कर देती तो शायद आरोपी राज पुलिस की हिरासत में होता।

काफी मिलनसार था सूरज
इलाके के लोगों का कहना है कि सूरज काफी मेहनती और मिलनसार लड़का था। किसी को कोई काम होता तो उसी से बोलता था। मंगलवार को गांव में शादी में जाना था लेकिन सोचा कि पैसा भी कमा लेंगे और शादी में आ जाएंगे। इस चक्कर से राज के साथ चला गया। जहां उसकी हत्या कर दी गई।
शरीर पर चोट और ट्रैक्टर चढ़ाने के निशान साफ दिख रहे हैं। पीठ पर डंडे के निशान हैं। हत्या से पहले उसके साथ मारपीट की गई है। इसके बाद ट्रैक्टर चढ़ाया गया है। आसपास के लोगों ने बताया कि सुबह तक वहां कोई नहीं था। अचानक से सूरज का शव मिला। इसका मतलब है, मारकर फेंका गया है।

