Uplive News

UPLive News is a trusted Hindi digital news platform delivering fast, accurate, and unbiased coverage of breaking news, politics, business, sports, entertainment, technology, lifestyle, education, and local updates from Uttar Pradesh, India, and around the world. Our mission is to provide factual journalism through text, photos, and videos while keeping readers informed with reliable and timely news.

अंतराष्ट्रीय

यूपी बार काउंसिल के सदस्य पद चुनाव में बुधवार को पहले दिन 73% वोट पड़े। इसमें सन् 1962 से 2000 तक के रजिस्टर्ड वकीलों ने मतदान किया।

By admin · March 12, 2026 · 1 min read
यूपी बार काउंसिल के सदस्य पद चुनाव में बुधवार को पहले दिन 73% वोट पड़े। इसमें सन् 1962 से 2000 तक के रजिस्टर्ड वकीलों ने मतदान किया। आज गुरुवार को दूसरे दिन 2001 से 2010 तक के रजिस्टर्ड वकील वोट डाल रहे हैं। यह प्रक्रिया लखनऊ स्थित हाईकोर्ट परिसर में चल रही है। कल यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

पहले दिन गहमागहमी और के बीच अधिवक्ता मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 5459 मतदाताओं में से 3986 ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। गुरुवार को कुल 5663 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। हाईकोर्ट परिसर में मतदान सुबह 10 बजे से लेकर शाम पांच बजे तक चलेगा।

हाईकोर्ट परिसर में रही गहमागहमी

मतदान के पहले दिन हाईकोर्ट परिसर और उसके आसपास पूरे दिन गहमागहमी का माहौल रहा। कई प्रत्याशियों के समर्थक अधिवक्ताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते नजर आए। हालांकि मतदान केंद्र के भीतर किसी भी प्रकार के प्रचार पर पूरी तरह प्रतिबंध रखा गया था।

बुधवार को वोटिंग के लिए वकीलों की भीड़ उमड़ी थी।
बुधवार को वोटिंग के लिए वकीलों की भीड़ उमड़ी थी।

पहचान पत्र और सीओपी के आधार पर मिला प्रवेश

मतदान के दौरान केवल उन्हीं अधिवक्ताओं को मतदान स्थल में प्रवेश दिया गया जिनके पास बार काउंसिल का पहचान पत्र और सर्टिफिकेट ऑफ प्रैक्टिस (सीओपी) मौजूद था। यूपी बार काउंसिल के सचिव राम किशोर गुप्ता ने बताया कि अनधिकृत अधिवक्ताओं को मतदान स्थल में प्रवेश नहीं दिया गया और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

जनवरी में हंगामे के कारण स्थगित हुआ था चुनाव

यूपी बार काउंसिल का चुनाव पहले 27 और 28 जनवरी को प्रस्तावित था, लेकिन उस दौरान अव्यवस्था और हंगामे की स्थिति के कारण चुनाव प्रक्रिया स्थगित करनी पड़ी थी। अब संशोधित कार्यक्रम के तहत लखनऊ जिले में 11 से 15 मार्च के बीच मतदान कराया जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में मतदान पहले ही पूरा हो चुका है, जबकि लखनऊ में करीब 26 हजार अधिवक्ता इस चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

कुल 331 प्रत्याशी मैदान में

प्रदेश स्तर पर होने वाले इस चुनाव में सदस्य पद के लिए कुल 333 अधिवक्ताओं ने नामांकन किया था। हालांकि, दो प्रत्याशियों के निधन के बाद अब 331 उम्मीदवार ही चुनाव मैदान में रह गए हैं। इतनी बड़ी संख्या में उम्मीदवार होने के कारण अधिवक्ताओं के बीच चुनाव को लेकर काफी उत्साह और सक्रियता देखने को मिल रही है।

बुधवार को पहले चरण के दौरान वोटिंग को लेकर वकीलों में उत्साह देखने को मिला ।
बुधवार को पहले चरण के दौरान वोटिंग को लेकर वकीलों में उत्साह देखने को मिला ।

20 बूथों पर मतदान, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

हाईकोर्ट परिसर में मतदान के लिए कुल 20 बूथ बनाए गए हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मतदान स्थल के आसपास बैरिकेडिंग भी की गई है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो सके।

प्रचार सामग्री और मोबाइल पर प्रतिबंध

निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, पोस्टर, बैनर, पर्चे या किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा मतदान स्थल के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का चुनाव प्रचार पूरी तरह प्रतिबंधित रखा गया है।

25 प्रत्याशियों के पक्ष में दे सकेंगे वोट

मतदान प्रक्रिया वरीयता क्रम के आधार पर कराई जा रही है। प्रत्येक मतदाता अधिकतम 25 प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर सकता है। मतदाता अपने सीरियल नंबर के अनुसार निर्धारित बूथ पर पहुंचकर मतदान कर रहे हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान अधिवक्ताओं में उत्साह के साथ-साथ अनुशासन भी देखने को मिल रहा है।

और खबरें