कौशाम्बी। जिले के पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछि…
कौशाम्बी। जिले के पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी आदिल को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी में 31 अगस्त को अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था। मामले में छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, जिनमें से तीन आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने कई पुलिस टीमों का गठन किया था।इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि 25 हजार रुपये का इनामी वांछित आरोपी आदिल कमालपुर से बरेठी वाली नहर पुलिया की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, घिरने के बाद आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। इसके अलावा 700 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ आर्थिक लाभ के लिए अवैध पटाखों और विस्फोटक सामग्री के निर्माण एवं भंडारण का काम करता था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
div
Source: Filmitics

