ओटीटी की चर्चित एंथोलॉजी सीरीज ‘लस्ट स्टोरीज’ एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने के लिए तैयार है। नेटफ्लिक्स की एमी-नॉमिनेटेड एंथोलॉजी के तीसरे पार्ट ‘लस्ट स्टोरी…
ओटीटी की चर्चित एंथोलॉजी सीरीज ‘लस्ट स्टोरीज’ एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने के लिए तैयार है। नेटफ्लिक्स की एमी-नॉमिनेटेड एंथोलॉजी के तीसरे पार्ट ‘लस्ट स्टोरीज 3’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। बुधवार, 9 सितंबर को जारी किए गए ट्रेलर में प्यार, आकर्षण, रिश्तों की जटिलता और इच्छाओं के अलग-अलग रंग देखने को मिलते हैं। इस बार चार अलग-अलग कहानियों को चार चर्चित फिल्ममेकर्स ने अपने-अपने अंदाज में पेश किया है।
‘लस्ट स्टोरीज 3’ में विक्रमादित्य मोटवाने, किरण राव, शकुन बत्रा और विशाल भारद्वाज एक साथ आए हैं। चारों फिल्ममेकर्स रिश्तों और इच्छाओं को अलग नजरिए से पर्दे पर उतारते दिखाई देंगे। ट्रेलर से साफ है कि सीरीज में सिर्फ रोमांस ही नहीं, बल्कि रिश्तों के भीतर चलने वाली भावनात्मक उथल-पुथल और अचानक लिए गए फैसलों को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है।नेटफ्लिक्स ने ट्रेलर शेयर करते हुए दर्शकों से तीसरे राउंड के लिए तैयार रहने को कहा है। सीरीज 18 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।
करीब 2 मिनट 19 सेकंड के ट्रेलर में चार अलग-अलग कहानियों की झलक दिखाई गई है। हर कहानी में रिश्तों को लेकर अलग परिस्थिति और अलग तरह की उलझन नजर आती है। एक सीन में कोंकणा सेन शर्मा और राधिका आप्टे नजर आती हैं, जहां बातचीत के बीच ‘धमाके के लिए तैयार’ रहने की बात कही जाती है।वहीं राधिका मदान और अली फजल की कहानी एक मुश्किल शादी के इर्द-गिर्द घूमती दिखाई देती है। दूसरी तरफ अदिति राव हैदरी और सिद्धार्थ की कहानी रिश्तों और आकर्षण का एक अलग पहलू सामने लाती नजर आती है। ट्रेलर में विजय वर्मा और अभिषेक बनर्जी समेत कई कलाकारों की भी झलक देखने को मिलती है।दिलचस्प बात यह है कि ट्रेलर का अंत अक्षय कुमार से जुड़े एक मीम के जिक्र के साथ होता है, जिससे सीरीज में गंभीर विषयों के साथ ह्यूमर का तड़का भी नजर आता है।
‘लस्ट स्टोरीज 3’ में राधिका आप्टे, कोंकणा सेन शर्मा, अदिति राव हैदरी, राधिका मदान, सिद्धार्थ, अली फजल, विजय वर्मा, अभिषेक बनर्जी, सना थम्पी और गुरफतेह पीरजादा जैसे कलाकार नजर आएंगे। अलग-अलग कहानियों में ये किरदार रिश्तों, इच्छाओं और अनपेक्षित फैसलों के बीच फंसे दिखाई देंगे।
विक्रमादित्य मोटवाने के मुताबिक उन्हें इस प्रोजेक्ट की ओर सबसे ज्यादा इस सवाल ने आकर्षित किया कि रोजमर्रा की जिंदगी की सहजता जब कुछ नया पाने की इच्छा से टकराती है, तो क्या होता है। उन्होंने कहा कि उनकी कहानी में गर्मजोशी, ह्यूमर और रिश्तों के एक अलग पहलू को तलाशने की कोशिश की गई है।
किरण राव ने बताया कि उन्हें यह विचार दिलचस्प लगा कि आकर्षण की शुरुआती चिंगारी किस तरह तेजी से जटिल परिस्थितियों में बदल सकती है। उनके मुताबिक इच्छा इंसान को ऐसे फैसले लेने के लिए प्रेरित कर सकती है, जिन्हें वह सामान्य परिस्थितियों में शायद न ले।अब ट्रेलर के बाद दर्शकों की नजर 18 सितंबर पर है। सवाल यही है कि ‘लस्ट स्टोरीज 3’ पिछली दोनों किस्तों की तरह दर्शकों को रिश्तों और इच्छाओं की नई कहानियों से कितना प्रभावित कर पाती है।
div
Source: Filmitics







