
लड़की मूल रूप से सीतापुर की रहने वाली थी। वह झारखंड के बोकारो स्टील प्लांट से रिटायर प्रह्लाद अग्रवाल के घर रहकर काम करती थी। वहीं आरोपी के परिवार वालों का कहना है कि किशोरी ने पंखे से फंदा लगाकर सुसाइड किया है। घटना 8 मार्च की ठाकुरगंज के रेलवे कॉलोनी की है।


बालागंज रेलवे कॉलोनी में प्रह्लाद अग्रवाल पत्नी ऊमा और बेटे राघव अग्रवाल के साथ रहते हैं। राघव नगरीय निकाय निदेशालय में डेटा मैनेजर है। प्रह्रलाद को ब्रेन हैमरेज जबकि ऊमा को कैंसर की बीमारी है। राघव की शादी नहीं हुई है। लड़की करीब 6 महीने से उनके यहां काम करती थी। वह उन्हीं के घर में रहती थी। उसका परिवार बालागंज की झुग्गी में रहता है।
8 मार्च की सुबह करीब 11 बजे ऊमा ने किशोरी के पिता को कॉल किया। उन्हें बताया कि आपकी बेटी ने सुसाइड कर लिया है। किशोरी के पिता परिवार वालों के साथ मौके पर पहुंचे। वहां देखा तो बेटी की लाश बेड पर पड़ी थी।
‘बेटी पर गलत निगाह रखता था अफसर का बेटा’
लड़की के पिता ने बताया- बेटी के शरीर पर चोट के निशान थे। हाथ-पैर पर बांधने और गले पर कसने का निशान था। अफसर का बेटा मेरी बेटी पर गलत नजर रखता था। बेटी ने इस बारे में घरवालों को बताया था। जिसके बाद हम लोगों ने राघव के मां-बाप से उसकी शिकायत की थी। राघव ने बेटी के साथ रेप करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसकी हत्या कर दी।


हत्या को आत्महत्या बताने की कोशिश
किशोरी के पिता ने कहा- राघव ने बेटी की हत्या की है। फिर अपने घरवालों के साथ मिलकर हत्या को आत्महत्या साबित करने की कोशिश की। राघव की मां ने मुझे फोन करके बताया कि बेटी ने पंखे से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। जबकि हम लोग घर पहुंचे तो बेटी का शव बेड पर पड़ा था।
पिता ने बताया कि बेटी दो दिन पूर्व मां से मिलने आई थी। बातचीत के दौरान वह परेशान लग रही थी। मां के पूछने पर उसने कुछ नहीं बताया। करीब 2 घंटे रुकने के बाद वह ऊमा के घर लौट गई थी। वह पांच भाइयों में सबसे छोटी थी।
3 घंटे सड़क जाम कर हंगामा काटा
पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया। परिजन पोस्टमॉर्टम हाउस से शव लेकर बालागंज पहुंचे। आरोपी राघव पर रेप के प्रयास और हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव रखकर जल निगम रोड जाम कर दिया।
पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे। करीब 2 घंटे रोड जाम करने बाद बालागंज चौराहे पर पहुंच गए। चौराहा जाम करके प्रदर्शन करने लगे। यहां करीब 1 घंटे प्रदर्शन चला। लोगों के आक्रोश को देखते हुए पीएसी और अतिरिक्त पुलिस बुलाई गई। पुलिस अफसरों के उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए।

घर में ताला लगाकर भागे आरोपी
पीड़ित किशोरी के भाई ने बताया कि घटना की सूचना पाकर परिवारीजन ऊमा के घर पहुंचे। इस बीच, ऊमा घर में ताला लगाकर परिवारीजनों के साथ भाग निकली। ऊमा के भाग निकलने पर परिवारीजनों का शक गहरा गया। परिजन ने आज सीतापुर में किशोरी के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मौके पर पुलिस तैनात रही।
पोस्टमार्टम में हैंगिंग से मौत
पुलिस उपायुक्त पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक, परिजनों की तहरीर पर राघव अग्रवाल के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग बताया गया है। विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

