
लखनऊ में वैलेंटाइन डे को लेकर पुलिस प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। डेढ़ हजार से ज्यादा पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। पुलिस हुड़दंग, अश्लीलता और अराजकता करने वालों से सख्ती से निपटेगी।
शहर के पार्क, मॉल, रेस्टोरेंट, ऐतिहासिक स्थलों (मॉन्यूमेंट्स), स्कूल-कॉलेजों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं एंटी-रोमियो स्क्वॉड, स्थानीय पुलिस और विशेष टीमों को अलर्ट मोड में रखा गया है।

100 पिंक बूथ और पिंक स्कूटी से निगरानी
लखनऊ में प्रेमी-युगल के साथ अराजकता करने वालों से निपटने के लिए 100 पिंक बूथ और पिंक स्कूटी से निगरानी की जाएगी। इसके लिए शहर के संवेदनशील इलाकों (लोगों के एकत्र होने वाले स्थानों) को चिंहित कर पुलिस गश्त बढ़ाई गई है।
इसके लिए गौतम बुद्ध पार्क, जनेश्वर मिश्रा पार्क, लोहिया पार्क, रिवर फ्रंट, कुकरैल पिकनिक स्पॉट और चिड़ियाघर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वेलेंटाइन डे पर फीनिक्स पलासियो, फीनिक्स यूनाइटेड, लुलु मॉल और सहारागंज मॉल में पुलिस ड्यूटी लगाई जा रही है। साथ ही सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

थानेदार भी रहेंगे सक्रिय
महिला सुरक्षा के लिए पिंक स्कूटी सवार महिला सिपाही गश्त पर रहेंगी। इसके लिए शहरभर में 100 पिंक बूथ और 100 पिंक स्कूटी तैनात की गई हैं। साथ ही 10 पिंक चार पहिया गाड़ियों को भी पेट्रोलिंग पर लगाया गया है। वहीं सभी थानेदारों और चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्र में अलर्ट मोड पर निगरानी करने को कहा गया है।
सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी
बड़ा इमामबाड़ा, रेजीडेंसी, अंबेडकर पार्क, क्लॉक टावर और मेट्रो स्टेशनों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। इन स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों के साथ एंटी रोमियो स्क्वायड भी लगाया गया है। सेफ सिटी कंट्रोल रूम में 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जाएगी। ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं सोशल मीडिया पर अश्लील, आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

कंट्रोल रूम और 1090 पर शिकायत करें
डीसीपी सेंट्रल रवीना त्यागी ने बताया कि वेलेंटाइन डे को लेकर लखनऊ में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीमें पूरी तरह तैयार हैं। महिला सुरक्षा और सार्वजनिक शांति को ध्यान में रखते हुए कई स्तरों पर सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।